सेक्टर-68 में वन विभाग के पास लगने वाली सब्जी मंडी में मंगलवार को माहौल गर्मा गया। मंडी बोर्ड ने वहां लगने वाली मंडी को सेक्टर-65ए स्थित नई एसी फल एवं सब्जी में शिफ्ट कर दिया है। लेकिन इसके बावजूद भी दुकानदारों ने यहां दुकानें लगाईं।
जैसे ही मामले की सूचना मंडी बोर्ड को मिली। मौके पर मंडी बोर्ड के अधिकारी भी पहुंच गए। लेकिन दुकानदारों ने मंडी बंद करने का विरोध किया। साथ ही सामान लगाकर अपना काम शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन व्यापारियों के आगे किसी की भी एक नहीं चली।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह नौ बजे से ही विभिन्न रेहड़ी-फड़ी वाले एवं किसान अपना सामान लेकर सेक्टर-68 में पहुंचना शुरू हो गए थे। साथ ही लोग भी खरीददारी के लिए पहुंच रहे थे। जैसे ही मंडी लगने की सूचना मंडी अधिकारियों के पास पहुंची।
उन्होंने तुरंत एक टीम मौके पर भेजी। साथ ही व्यापारियों से वहां से हटने के लिए कहा। लेकिन इस दौरान मंडी में सामान बेचने आए व्यापारियों ने वहां से हटने मना कर दिया। साथ ही सरकार और मंडी बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
इसी बीच मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन व्यापारियों के आगे उनकी एक नहीं चली। मोहाली रेहड़ी-फड़ी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सोहण सिंह ने बताया कि पिछले 20 सालों से ऐसे ही सेक्टरों में विभिन्न सेक्टरों लगने वाली मंडियों में दुकानें लगाकर अपना परिवार चला रहे हैं। लेकिन मंडी बोर्ड अब उनका रोजगार खत्म करने की चाल चल रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंडियां बंद करने के विरोध में उतरी बीजेपी
विभिन्न सेक्टरों एवं फेजों में लगने वाली मंडियां बंद होने के विरोध में बीजेपी और अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति उतर आई है। बीजेपी के जिला सुखविंदर सिंह गोल्डी एवं अन्य मेंबर सेक्टर-68 मंडी में पहुंचे।
उन्होंने कहा कि वे विभिन्न फेजों में लगने वाली मंडियों को बंद नहीं होने देंगे। क्योंकि इनसे लोगों का रोजगार जुड़ा है। साथ ही शहर के लोगों का भी मंडी लगने में ही फायदा है।
यह मंडियां होंगी नई सब्जी मंडी में शिफ्ट
इस मौके पर मंडी बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मंडी बोर्ड ने 9 मंडियों को सेक्टर-65ए स्थित सब्जी मंडी में शिफ्ट करने का फैसला लिया है। इनमें सात मंडियां शिफ्ट कर दी गईं हैं। इसमें सेक्टर-78, सेक्टर-68, फेज-8, फेज-3बी2 और फेज-11 में शामिल हैं। जबकि अन्य पर कार्रवाई चल रही है।