अब यह समय है, जब आप सब्जी मंडी में जाकर मोलभाव करें। हरी सब्जियों की लोकल सप्लाई बढ़ने से जितनी तेजी से होलसेल रेट गिर रहे हैं, उस अनुपात में रिटेल रेट में पर्याप्त कमी नहीं की जा रही।
सेक्टर-26 मंडी के आढ़तियों के अनुसार पिछले एक हफ्ते में ही ऐसी ज्यादातर सब्जियों जिनकी आवक आसपास के इलाकों से होने लगी है, थोक के दाम में 15 से 20 रुपये की कमी आई है।
दूसरी ओर रिटेल में दाम पांच से दस रुपये तक ही कम हुए हैं। इसलिए इन सब्जियों के रेट में जल्द ही और गिरावट की उम्मीद है।
गोभी
अब पंजाब की गोभी काफी मात्रा में मंडी में आ रही है। इसका नतीजा है कि पिछले सप्ताह तक जो गोभी होलसेल में ही 30 से 32 रुपये किलो के भाव पर थी वह शुक्रवार को 20 रुपये किलो तक आ गई। दूसरी ओर रिटेल में और अपनी मंडियों में गोभी अब भी 30 रुपये किलो तक बिक रही है।
गाजर
गाजर भी अब पंजाब के आसपास के इलाके से आ रही है। इसलिए पिछले सप्ताह की तुलना में थोक के रेट में 15 से 16 रुपये किलो तक की गिरावट है। दूसरी ओर रिटेल में यह अब भी 40 रुपये प्रति किलो ग्राम के रेट से बिक रही है।
मूली और साग
चंडीगढ़ के आसपास के इलाके से ही किसान काफी साग और मूली मंडियों में ला रहे हैं। मूली के होलसेल रेट 4 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गए हैं। इसी तरह साग की गुच्छी भी 5 से छह रुपये तक आ गई है।
घीया और करेला
ये सब्जियां उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और आसपास के क्षेत्र से आ रही हैं। होलसेल में करेले के दाम भले कम हुए हों मगर रिटेल में बढ़े हैं। इस संबंध में कारोबारियों का कहना है कि इन सब्जियों का सीजन अब खत्म होने की ओर है। इसलिए इनके दाम बढ़ेंगे ही।
सेक्टर-26 मंडी के आढ़ती शिवमोहन ने बताया कि लोकल सब्जियां तो सस्ती हुई हैं जो बाहर से आ रही हैं उनके दाम भी कम हुए हैं। करेला, लौकी और कद्दू जैसी सब्जियां होल सेल में 5 से 10 रुपये सस्ती हुई हैं।
वहीं आढ़ती रमेश ने कहा कि अब पंजाब से काफी सब्जियां मंडी में आने लगी हैं। इससे रेट काफी कम हुए हैं। कुछ दिनों में सब्जियां और सस्ती हो जाएंगी।
सब्जी-----रिटेल रेट---------------होलसेल रेट
---------अब-----पहले----अब ---पहले
गाजर----40----50----20----35-36
गोभी----30----40----15-20----30-32
साग----10----15----5-6----12
मूली----10----20----4----6-7
घिया----40----50----14-15----18-20
करेला----50----30----14----20
(तुलना में दाम अब और पिछले के हैं। सब्जियों के रेट रुपये प्रति किग्रा और साग प्रति गुच्छी)