आज वैलेंटाइन डे पर इजहार-ए-इश्क करने की सोच रहे हैं, तो जरा संभल कर। वरना इस पुलिस वाले जैसी कहानी बनेगी और ऐसी किरकिरी होगी कि समझ नहीं पाएंगे क्या करें क्या नहीं। दरअसल, वेलेंटाइन वीक में प्रपोज डे पर एक महिला हेड कांस्टेबल के मोबाइल पर मैसेज भेजकर प्यार का इजहार करना थाना मुंशी को मंहगा पड़ गया।
महिला हेड कांस्टेबल के परिजनों को जब मुंशी की हरकत की जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस आला अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस विभाग ने महिला पुलिसकर्मी की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए सेक्टर-39 थाने में तैनात मुंशी को लाइन हाजिर कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, हुआ यूं कि वेलेंटाइन वीक के तहत 11 फरवरी के दिन प्रपोज-डे पर सेक्टर-39 थाने में तैनात मुंशी ने महिला पुलिसकर्मी के मोबाइल पर मैसेज भेजकर उससे अपने प्यार का इजहार किया। इस दौरान मुंशी द्वारा भेजे गए मैसेज को महिला पुलिसकर्मी के घरवालों ने पढ़ लिया। परिजनों ने जब महिला पुलिसकर्मी से मैसेज के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसे नहीं पता कि आखिर मुंशी ने उसे मैसेज क्यों भेजा है।
इस तरह के मैसेज को भेजना महिला पुलिसकर्मी और उसके परिजनों को नागवार गुजरी। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत सेक्टर-39 थाना पुलिस को दी। मामला संज्ञान आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद यूटी पुलिस विभाग ने मुंशी को फौरन लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन भेज दिया। मामले में आला अधिकारी का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।