सभी शहरी विकास अथॉरिटी के कामकाज में तेजी लाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को संपत्ति संबंधी सभी सेवाएं को निर्विघ्न और आसान ढंग से मुहैया कराने के लिए एक ऑनलाइन सिटीजन पोर्टल की शुरुआत की। पंजाब शहरी विकास अथॉरिटी (पुडा) की इस पहल की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राज्यभर के नागरिकों को बड़ा लाभ मिलेगा और वे संपत्ति के मामलों संबंधी सभी सेवाएं सुचारु और पारदर्शी ढंग से प्राप्त कर सकेंगे।
कैबिनेट की मीटिंग के दौरान पोर्टल के उद्घाटन अवसर पर प्रेजेंटेशन देते हुए आवास निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सरवजीत सिंह ने बताया कि पोर्टल को हर सेवा में कार्य प्रवाह को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है। सभी दस्तावेज और नोटिंग डिजिटल हस्ताक्षर किए हुए हैं और अंगूठे से बायोमैट्रिक डिवाइस पर चिह्नित किया गया है, ताकि यह काम किसी और को न दिया जा सके।
इससे अधिनियमों, नियमों, मास्टर प्लान, टेंडर/नीलामी नोटिस/संपत्ति मालिकों के बकाए/संपत्ति के विवरण की सारी जानकारी एक ही वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। मुख्य प्रशासक और एक अन्य अधिकारी के डिजिटल दस्तखतों के अधीन डाटा 256 बिट इनक्रिप्टड है और इसमें कोई भी छेड़छाड़ नहीं की जा सकती।