चंडीगढ़। सेक्टर-27 के श्री दिगंबर जैन मंदिर में दशलक्षण के तीसरे दिन उत्तम आर्जव पर्व मनाया गया। यह कार्यक्रम भोपाल से आए आशीष भैया पुण्यांश के सान्निध्य में हो रहा है।
रविवार सुबह 12 बच्चों ने भगवान का अभिषेक किया। इस मौके पर अभिषेक, शांतिधारा के बाद जिन सहस्रनाम मंडल विधान किया गया। इस दौरान तीन दिनों में भगवान के तीन सौ गुणों का अर्घ्य प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट आदर्श जैन सोधर्म इंद्र, अजीत जैन यज्ञ नायक और रवि जैन कुबेर बने। कार्यक्रम में श्रावक पारंपरिक परिधान धारण कर शामिल हुए। श्री दिगंबर जैन सोसाइटी के प्रधान धर्म बहादुर जैन, महासचिव संत कुमार जैन और खजांची अजय कुमार जैन ने बताया कि दोपहर सवा बारह से सवा एक बजे तक अहिंसा सेवा समिति ने नमोकार मंत्र का पाठ किया।
इस मौके पर श्री दिगंबर जैन सोसाइटी के पदाधिकारियों में प्रधान धर्म बहादुर जैन, महासचिव संत कुमार जैन, खजांची अजय कुमार जैन, उपप्रधान दामोदर दास जैन, उपसचिव इंद्रमल जैन, सहसचिव रविंदर जैन, कमेटी के सदस्यों में वरुण जैन, आदर्श जैन, शांत जैन, राज कुमार जैन, रमेश जैन सहित बड़ी संख्या में श्रावक उपस्थित रहे।
शाम में सम्मान वंदन समारोह का आयोजन
संत कुमार जैन ने बताया कि शाम में श्री दिगंबर जैन मंदिर में संम्मान वंदन समारोह का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों ने अपने माता-पिता का सम्मान किया। बच्चों ने उनके बारे में कहा कि उन्होंने हमारे जीवन को संवारने में बड़ी भूमिका अदा की है।
मैं का अंत ही परमात्मा बनने की शुरुआत है : पुण्यांश
मैं यानी अहंकार का अंत ही परमात्मा बनने की शुरुआत होती है। झुकता वही है, जिसमें जान होती है। यह बात सेक्टर-27 के श्री दिगंबर जैन मंदिर में दश लक्षण के तीसरे दिन उत्तम आर्जव पर धर्म सभा को बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया पुण्यांश ने कही। उन्होंने उपस्थित श्रावकों को जीवन प्रगति के लिए तीन सूत्र थोड़ा-सा झु़कना, थोड़ा-सा सुनना और थोड़ा-सा सहन करना दिए। प्रवचन के बाद नीलेश जैन रतलाम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया।
बारिश में भी निकली शोभायात्रा
बारिश में ही सेक्टर-28 के श्री श्वेतांबर जैन मंदिर से रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। चांदी के रथ पर भगवान को विराजमान कराया गया। रथयात्रा को सेक्टर-27 के श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुंचने पर स्वागत किया गया। श्री दिगंबर जैन सोसाइटी के महासचिव संत कुमार जैन ने बताया कि बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया पुण्यांश ने सभी को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर श्वेतांबर जैन मंदिर कमेटी के प्रधान संजय जैन, सुशील जैन, विकास जैन, प्रदीप जैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।