प्रशासन भी चाहता है कि यूटी के इंस्पेक्टरों का प्रमोशन हो और प्रशासन जल्द ही इसके लिए कदम भी उठा रहा है। यह बात प्रशासन के सलाहकार केके शर्मा ने सुखना लेक पर कही। उन्होंने मंगलवार शाम सुखना लेक पर 50 अपाचे और 9 बुलेट मोटरसाइकिल को फ्लैग आफ किया।
इस मौके पर आईजी आरपी उपाध्याय और एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल भी मौजूद रहे। मालूम हो कि पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने पिछले दिनों प्रशासन से कहा है कि वह अपने स्तर पर प्रमोशन सूची बनाकर उस पर निर्णय ले सकता है।
केके शर्मा ने कहा कि अदालतों में मामला विचाराधीन होने के कारण इस मुद्दे पर प्रशासन अभी तक निर्णय नहीं ले सका था, लेकिन जल्द ही इंस्पेक्टरों को प्रमोशन देने की राह खुल जाएगी। प्रशासन प्रमोशन का निर्णय करने के लिए डीपीसी का भी गठन कर चुका है। मालूम हो कि इस समय 10 इंस्पेक्टर वरिष्ठता सूची में हैं। जिनकी प्रमोशन डीएसपी पद पर होना है।
उन्होंने कहा कि नए जगह पर कई सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव पुलिस के कहने पर तैयार किया जा रहा है। वहीं, समारोह में एसएसपी डा. सुखचैन सिंह ने दावा किया कि इस साल क्राइम का ग्राफ पिछले साल के मुकाबले कम हुआ है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जो वारदातें अभी तक नहीं सुलझी है उन्हें भी जल्द सुलझा लिया जाएगा।
दो रिकवरी वैन भी मिलीं
आईजी आरपी उपाध्याय ने बताया कि 59 मोटरसाइकिलों के साथ दो रिकवरी वैन भी पुलिस विभाग में आई हैं। जिससे घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और नो पार्किंग वाहनों को हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई नए प्रोजेक्टों पर पुलिस का काम चल रहा है। जिनमें कंट्रोल रूप को अपग्रेडशन, धनास शूटिंग रेज शामिल है।
आईजी ने बताया कि नए खरीदी गई मोटरसाइकिल से कर्मचारी कम समय में घटनास्थल पर पहुंच पाएंगे। कालोनियों और गांव की तंग गलियों में मोटरसाइकिल काफी मददगार साबित होंगे।
इस मौके पर गृह सचिव अनिल कुमार, एसएसपी ट्रैफिक मनीष चौधरी, एएसपी उर्जिता गोयल, परमिंदर सिंह, डीएसपी आशीष कपूर, डीएसपी जगबीर सिंह, अंजिता चेपियाल, सतबीर सिंह, रिटायर्ड डीआईजी आरएस घुम्मन, ओम प्रकाश सहित सभी थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
पहले खरीदी गई थीं पल्सर बाइक
पुलिस विभाग ने 5 साल पहले पल्सर मोटरसाइकिल खरीदी थी। जो कि पीसीआर कर्मचारियों को दी गई हैं, लेकिन इन पल्सर मोटरसाइकिल सवार कर्मचारियों ने कभी भी पीछा कर किसी अपराधी को नहीं पकड़ा है। इससे पहले पुलिस के पास 92 बुलेट, पल्सर और दूसरी मोटरसाइकिल हैं।