यूटी पुलिस विभाग में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। कुछ समय पहले महिला होमगार्ड द्वारा डीएसपी दविंद्र शर्मा पर शोषण के आरोप लगाया गया था। जिसकी अभी इंक्वायरी खत्म भी नही हुई थी कि एक अन्य डीएसपी पर भी संगीन आरोप लगे हैं और आईजी ने जांच एसपी को सौंप दी है। उधर, डीएसपी ने इसे निराधार बताते हुए विभागीय गुटबाजी का नतीजा कहा है।
इस बार डीएसपी केवल कृष्ण के खिलाफ आलाधिकारियों को एक अज्ञात ने शिकायत भेजी है। हाल ही में केवल कृष्ण भी डीएसपी पद पर प्रमोट हुए थे। शिकायत मिलने पर आईजी तेजिंदर सिंह लूथरा ने मामले में इंक्वायरी एसपी हेडक्वार्टर रवि कुमार सिंह को मार्क कर दी है। अफसरों का कहना है कि शिकायत पर सेंट्रल विजिलेंस कमीशन के गाइड लाइन के तहत जांच के आदेश जारी कर दिए गए है।
पांच पेज की शिकायत में डीएसपी पर संगीन आरोप
चंडीगढ़ पुलिस
- फोटो : Amar Ujala
विभाग को कुछ दिन पहले एक अज्ञात की तरफ से पांच पेज की शिकायत मिली थी। शिकायत भेजने वाले ने खुद को समाज सेवी बताते हुए शिकायत की कापी शहर के प्रशासक से लेकर पुलिस विभाग के आलाधिकारियों को भेजी है। शिकायतकर्ता ने इस विषय में विजिलेंस जांच तक करवाए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने डीएसपी पर रिश्वतखोरी, पुलिस विभाग में अपने पद का दुरुपयोग करने, गलत गतिविधियों में शामिल होने, ड्रग तस्करों का साथ देने, महिलाओं के साथ संबंध रखने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं।
विभाग के आलाधिकारियों को भेजी गई इस शिकायत की जांच का जिम्मा मुझे सौंपा गया है। जांच पूरी कर अफसरों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसकेबाद बनती कार्रवाई की जाएगी। - रवि कुमार, एसपी हड क्वार्टर।
मेरे खिलाफ अधिकारियों को जो शिकायत भेजी गई वो बिल्कुल निराधार है। ये आरोप विभाग में चल रही आपसी गुटबाजी का नतीजा हैं। जिस तरह से एक अज्ञात द्वारा शिकायत भेजी गई वो सिर्फ मुझे बदनाम करने की साजिश है। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। मामले में हर तरह की जांच के लिए तैयार हूं। - केवल कृष्ण, डीएसपी।