आम आदमी पार्टी ने सूबा कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर को पार्टी से निकालने के लिए ग्राउंड तैयार कर लिया है। वीरवार को पंजाब की लीडरशिप ने राष्ट्रीय कनवीनर अरविंद केजरीवाल और पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी को एक पत्र लिखकर छोटेपुर को निकालने की मांग की गई है ताकि वॉलंटियरों में संदेश जाए कि इस मुद्दे पर पंजाब के सारे लीडर पार्टी के साथ हैं।
कुछ दिन पहले आप ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट घोषित की गई थी। तब छोटेपुर ने सार्वजनिक तौर पर टिकट वितरण पर नाराजगी जताई। यहीं से वह आप हाईकमान, खासकर संजय सिंह और दुर्गेश पाठक के आंखों की किरकिरी बन गए थे। दूसरी लिस्ट में भी पार्टी ने उन्हें नजरंदाज किया। इस बीच पार्टी के ही कुछ लोगों ने छोटेपुर का स्टिंग ऑपरेशन किया। एक वीडियो तैयार की गई, जिसमें छोटेपुर एक वॉलंटियर से दो लाख रुपये लेते दिख रहे हैं।
सुच्चा सिंह छोटेपुर पर फूटा 'स्टिंग बम'
आप के कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर
- फोटो : अमर उजाला
यह वीडियो केजरीवाल तक भी पहुंच गया, जिन्होंने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को जांच के निर्देश दिए। उसके बाद छोटेपुर ने दिल्ली में सिसोदिया से मिलकर अपना पक्ष रखा, लेकिन पार्टी उन्हें लेकर मन बना चुकी थी। यही वजह थी कि धर्मशाला से लौटने के बाद भी केजरीवाल ने छोटेपुर को मिलने का समय नहीं दिया।
दिल्ली की मजबूत लॉबी ने पंजाब के बाकी नेताओं को भी अपने पक्ष में कर लिया, जिसके बाद छोटेपुर के खिलाफ कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। अब पार्टी छोटेपुर को निकालने का पूरा मन बना चुकी है, लेकिन औपचारिक तौर पर पीएसी ने मामले की जांच को कमेटी बनाई थी, उसने भी रिपोर्ट दे दी है। अब छोटेपुर को निकालने का औपचारिक एलान बाकी है, वह भी एक-दो दिनों में होने की उम्मीद है।
पंजाब के वॉलंटियरों को यह संदेश देने के लिए कि सूबे के सारे लीडर इस मुद्दे पर पार्टी के साथ हैं, वीरवार को एक पत्र लिखवाया गया। जिस पर सांसद भगवंत मान व प्रो. साधू सिंह, सुखपाल खैरा, हिम्मत शेरगिल, हरजोत बैंस, एचएस फूलका, गुरप्रीत घुग्गी, प्रो. बलजिंदर कौर समेत 21 शीर्ष नेताओं के दस्तखत हैं। इसमें कहा गया है कि आप भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकली है। पंजाब के लोग भी भ्रष्टाचार केखात्मे को आप की तरफ देख रहे हैं। ऐसे में छोटेपुर के भ्रष्टाचार की रिपोर्ट निराशाजनक हैं। ऐसा व्यक्ति हजारों वॉलंटियरों की अगुवाई केयोग्य नहीं है। इसलिए उन्हें तुरंत निकाला जाए।