संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। कर्मचारी अब अपनी मांगों के समर्थन में 23 नवंबर को गवर्नर हाउस कूच करेंगे। यह फैसला शनिवार को सेक्टर-23 में ज्वाइंट एक्शन कमेटी की कन्वेंशन में लिया गया। कर्मचारी राजभवन में पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक को ज्ञापन सौंपेंगे।
कन्वेंशन में ज्वाइंट एक्शन कमेटी से संबंधित यूनियनों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के संयोजक अश्वनी कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित करते कहा कि चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा के साथ ज्वाइंट एक्शन कमेटी के नेताओं की बीते 20 अगस्त को आउटसोर्सिंग वर्कर्स का डीसी रेट बढ़ाने सहित अन्य मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई थी। मनोज परिदा ने कर्मचारियों को भरोसा दिया कि आउटसोर्स पर काम कर रहे वर्करों का डीसी रेट सितंबर महीने में बजट आने के बाद बढ़ा दिया जाएगा। इसके साथ अन्य मांगें भी पूरी कर दी जाएंगी, लेकिन न तो डीसी रेट बढ़ाया गया और न अन्य मांगें पूरी की गईं।