UT Administrator VP Singh Badnaur
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मोबाइल डायग्नोस्टिक वैन को हरी झंडी दिखाने की जगह खुद वैन को चलाकर उसकी जांच की। प्रशासक वीरवार को सेक्टर-24 स्थित भारत विकास परिषद के कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।
परिषद के पदाधिकारियों उनसे वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का आग्रह किया। इस पर प्रशासक ने कहा कि वह पहले वैन को चलाकर चेक करेंगे कि वह चलती भी है या नहीं। इतना कहते ही वह वैन की ड्राइवर सीट पर बैठ गए और उसको काफी दूर तक दौड़ाया।
प्रोटोकाल तोड़कर पूरे इंदिरा हालीडे होम का किया दौरा
प्रशासक का यह अंदाज देखकर सब दंग रह गए। इतना ही नहीं उन्होंने प्रोटोकॉल तोड़कर पूरे इंदिरा हॉलीडे होम का दौरा किया। भारत विकास परिषद के पूरे स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया। प्रथम और दूसरे तल पर जाकर चीजों को देखा और मशीनों की जानकारी ली। प्रोटोकॉल की वजह से कई बार अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की।
प्रशासक ने वार्ड में मरीजों से बातचीत भी की। उन्होंने इंदिरा हॉलीडे होम में सुविधाओं और सभी व्यवस्थाओं को सराहा। इस अवसर पर डीसी अजीत बालाजी जोशी, भारत विकास परिषद् के राष्ट्रीय महासचिव अजय दत्ता, परिषद् के ट्रस्टी अनूप गुप्ता और असिस्टेंट लेबर कमिश्नर नवीन भी मौजूद रहे।