चंडीगढ़। चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने रविवार को यूटी प्रशासन से पीयू के हॉस्टलों को आइसोलेशन वार्ड में परिवर्तित न करने की अपील की है। छाबड़ा से इस बारे में एनएसयूआई और पीयू के अन्य छात्र संगठन ने आग्रह करते हुए कहा था कि आइसोलेशन वार्ड बनाने से वहां रहने वाले छात्रों को संक्रमण का खतरा बहुत अधिक होगा।
छाबड़ा ने कहा कि उन्हें पीयू के एनएसयूआई के छात्रों का प्रतिनिधिमंडल मिला जिन्होंने उनसे हस्तक्षेप करने और मदद करने को कहा। उन्होंने प्रशासन को सुझाव दिया कि कोरोनोवायरस संदिग्ध या पॉजिटिव रोगियों के लिए पीयू हॉस्टल को आइसोलेशन वार्ड में परिवर्तित करने के बजाय प्रशासन खाली स्कूल और कॉलेज की इमारतों या पीजीआई और जीएमएसएच -16 के आसपास मध्य मार्ग पर बने भवन व इमारतों का उपयोग कर सकता है। ये बड़ी इमारतें आबादी वाले इलाकों से दूर हैं। प्रशासन के लिए ये बहुत ही उपयोगी विकल्प रहेगा।
एनएसयूआई की जिला अध्यक्ष महिला विंग के इंचार्ज पाहुल कौर ने कहा छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों को आइसोलेशन वार्ड में परिवर्तित करना ठीक नहीं है। यूटी प्रशासन के पास बहुत सारे विकल्प हैं। पीयू के हॉस्टलों के उपयोग आइसोलेशन वार्ड में करने के बजाय सामुदायिक केंद्रों, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउसों में करना चाहिए।