चंडीगढ यूटी के प्रशासक शिवराज पाटिल के निर्देश पर यूटी प्रशासन शुक्रवार से शहर में चार और सेक्टरों में सस्ते आलू और प्याज बेचेगा।
प्रशासन के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से चार अलग अलग फेयर प्राइस शॉप्स (डिपो) में नो प्राफिट नो लॉस बेसिस पर आलू और प्याज बेचने के लिए लो प्राइस स्टाल लगाए जाएंगे। इसके बाद इन स्टालों को शहर के अन्य सेक्टरों में भी शुरू किया जाएगा और साथ ही अपनी मंडी में भी यह स्टाल लगाए जाएंगे।
शुक्रवार से जिन दुकानों में यह स्टाल खुलेंगे उनमें ठाकुर किरयाना स्टोर, मौली जागरां, एसएस जनरल स्टोर, सुपर मार्केट, सेक्टर-46, एकनूर किरयाना स्टोर, सेक्टर-37 और लक्ष्मी सेल्फ हेल्प ग्रुप, मकान नंबर 393, ईडब्लूएस फ्लैट्स, धनास शामिल हैं।
आलू और प्याज बेचने के लिए मोबाइल वैन सेवा भी
यूटी के प्रशासक शिवराज पाटिल ने शुक्रवार को प्रशासन के उच्च स्तरीय अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्याज और आलू को कम दाम पर बेचने के लिए कदम उठाने चाहिए और साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि आलू और प्याज की जमाखोरी न हो।
पाटिल ने जहां शहर के अलग अलग हिस्सों में चार और स्टाल शुरू करने को कहा वहीं आलू और प्याज बेचने के लिए मोबाइल वैन सेवा भी शुरू करने को कहा। पाटिल ने अधिकारियों को आलू और प्याज के खुदरा और थोक रेटों का रिकार्ड रखने और इनके स्टाक का रजिस्टर रखने को भी कहा।
साथ ही प्रशासक ने पुलिस विभाग को जमाखोरी चेक करने के लिए औचक चेकिंग करने की बात कही। इसके लिए उन्हें सिविल ड्रेस में जाना होगा। साथ ही रेट चेक करने को भी कहा।
नजर रखने को सब डिवीजनल कमेटियां बनीं
बैठक में एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के संयुक्त सचिव बलबीर सिंह ढोल ने प्रशासक को बताया कि वह पहले से ही इस दिशा में काम कर रहे हैं। डोल ने बताया कि प्याज की सप्लाई राजस्थान, इंदौर, नासिक से आ रही है।
आने वाले दिनों में प्याज की सप्लाई और बढ़ जाएगी। इसी तरह से आलू की सप्लाई भी नियमित तौर पर आ रही है। उन्होंने बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी को चेक करने के लिए तीन अलग अलग अलग सब डिवीजनल कमेटियां बनी हैं।
बैठक में राज्यपाल के प्रधान सचिव एमपी सिंह के अलावा वित्त सचिव सर्वजीत सिंह, गृह सचिव अनिल कुमार, एसडीएम साउथ कशिश मित्तल, एसडीएम ईस्ट दानिश अशरफ, एसएसपी डॉ.एसएस गिल के अलावा कई अधिकारी मौजूद थे। ध्यान रहे कि पिछले सप्ताह भी पाटिल ने आलू और प्याज के दाम को नियंत्रित करने के लिए बैठक बुलाई थी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर दानिश अशरफ ने बताया कि प्रशासक के निर्देश पर हम शुक्रवार से चार अलग अलग सेक्टरों में फेयर प्राइस शाप्स में आलू और प्याज के लो प्राइस स्टाल शुरू कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर अन्य सेक्टरों और अपनी मंडी में भी हम स्टाल लगाएंगे।