फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

5 घंटे में 1500 परिवार बेघर, हर आंख में आंसू

Sun, 11 May 2014 01:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
यूटी प्रशासन ने शनिवार को लगभग पांच घंटे अभियान चलाकर शहर की चार कालोनियों में बनीं करीब 1500 अवैध झुग्गियों को तोड़ दिया। साथ ही कजेहड़ी में पास एक और अवैध कालोनी को तोड़ दिया गया। हालाकि इस कालोनी को तोड़ने के लिए नोटिस भी जारी नहीं किया गया था। सुबह 7.30 बजे से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक चार जेसीबी मशीनों और 10 अर्थ रिमूवर की मदद से झुग्गी-झोंपड़ियां हटा दी गईं। इस अवैध कालोनियों के हटने से प्रशासन को 38 एकड़ जमीन मिल गई है।
विज्ञापन


1500 परिवार बेघर
इन कालोनियों को ढाहने से यहां के 1500 परिवार बेघर हो गए हैं। इन लोगों को प्रशासन की तरफ से न तो पुनर्वास योजना के तहत फ्लैट दिया गया और न ही इनके रहने का कोई और इंतजाम किया गया। जिन कालोनियों को हटाया गया उनमें नेहरू कालोनी, कुलदीप कालोनी, पंडित कालोनी और मजदूर कालोनी शामिल हैं।

पुलिस के भारी बंदोबस्त से बेघर हुए गरीब इतने सहमे थे कि अधिकारियों की उम्मीद के विपरीत किसी बड़े विरोध का सामना नहीं करना पड़ा। मजदूर कालोनी में हालांकि अभियान शुरू होने से पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। डीसी मोहम्मद शाइन के मौके पर पहुंचने के बाद हंगामा खत्म हुआ।
विज्ञापन

समान बचाने के लिए पहले ही समेटा

इन कालोनियों में रहने वाले ज्यादातर गरीब लोग शुक्रवार रात तक अपना सामान समेटकर चुपचाप चले गए थे। इस मौके पर एक हजार से ज्यादा पुलिस और प्रशासन के कई आला अधिकारी मौजूद थे। साथ ही सिविल डिफेंस के अधिकारी भी मौजूद थे। एसडीएम (साउथ) कशिश मित्तल के नेतृत्व में अभियान चला जिसका सुपरविजन उपायुक्त ने खुद किया। जैसे ही झुग्गियों को तोड़ा गया, नगर निगम ने जमीन के चारों तरफ फेंसिंग कर दी।

कोट
पांच घंटे में अभियान चलाकर हमने कालोनियों को खाली करा दिया। हमारा अभियान शांतिपूर्ण रहा। अधिकतर लोग पहले ही कालोनी खाली करके जा चुके थे।
-मोहम्मद शाइन, उपायुक्त, चंडीगढ़

हाईकोर्ट का स्टे, फिर भी तोड़ीं झुग्गियां

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पंडित कालोनी की दो झुग्गियों तो तोड़ने पर रोक लगाई हुई थी। इस कालोनी की झुग्गी नंबर 413 बी और 415 को तोड़ने पर लगी हाईकोर्ट की रोक का नोटिस भी झुग्गियों करे बाहर लगा था और झुग्गियों के ऊपर लाल झंडे भी लगे थे ताकि उनकी पहचान हो सके।

लेकिन, इसके बाद भी इनमें से एक झुग्गी के आधे से ज्यादा हिस्से को जेसीबी मशीन ने तोड़ दिया। यहां रहने वाले विजय बहादुर सिंह और उनके परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया और कहा कि उनके पास अदालत के आर्डर हैं। सिंह की बेटी प्रिया ने कहा कि उन्होंने घर का सामान खाली नहीं किया था क्योंकि उनके पास कोर्ट का आर्डर था।

लेकिन, इसके बाद भी उनकी झुग्गी के आधे से ज्यादा हिस्से को तोड़ दिया गया जिससे उनका सारा सामान खराब हो गया। बाद में उपायुक्त मोहम्मद शाइन मौके पर गए और उन्होंने इन झुग्गियों में रहने वालों को एक कागज पर अपने हस्ताक्षर करके दिए जिससे उन्हें प्री-फेब्रीकेटेड टीन के शेड में घर मिल सके।

कबाड़ियों ने धावा बोला

कालोनियों में जेसीबी मशीनों ने लोहे बने अस्थाई टॉयलेट्स को भी तोड़ दिया। जैसे ही टॉयलेट्स टूटे, कुछ ही देर में कबाड़ियों ने वहां धावा बोल दिया। जिसके हिस्से जितना भी लोहा आया उसे लेकर वह भागा। नेहरू कालोनी में तो कबाड़ियों के बीच होड़ लग गई। देखते ही देखते कुछ ही देर में कबाड़ी लोहा लेकर भाग गए। उपायुक्त मोहम्मद शाइन ने अपने मोबाइल में इस पल को कैद भी किया। वहीं, कजहेड़ी के पास कालोनी में भी जब टॉयलेट्स के लोहे को लेने के लिए कबाड़ी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया।

सरकारी घरों पर कब्जा
पंडित कालोनी के सामने बिजली बोर्ड के सरकारी घर बने हुए हैं। यहां बिजली बोर्ड के अधिकारियों के कुछ घर जब से बने हैं अलॉट नहीं हुए हैं। इन घरों ने भूत बंगले की शक्ल ले ली है। घर के सामने कालोनी होने से यहां कोई रहने नहीं आ रहा था। इन घरों पर इन कालोनियों के लोगों ने अब अवैध तौर पर कब्जा कर लिया है। हालाकि यहां रहने वाले लोगों ने इसकी शिकायत की है।

नहीं पहुंचे नेता

लोकसभा चुनाव के बाद चलाए गए इस अभियान में न तो कांग्रेस का कोई नेता पहुंचा और न ही भाजपा की। सिर्फ आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ता मौके पर दिखे। इससे पहले जब नवंबर में प्रशासन ने कालोनी नंबर पांच को खाली कराने के लिए अभियान चलाया था तो भाजपा और कांग्रेस के कई नेता पहुंचे थे।

छात्रों ने किया विरोध
पंजाब यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स फॉर सोसाइटी ने चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से कालोनियों को खाली कराने के लिए चलाए गए अभियान का कड़ा विरोध किया। विद्यार्थियों ने पीयू के स्टूडेंट्स सेंटर में विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के अधिकारियों का पुतला जलाया।
विज्ञापन

अब सेक्टर-25 की कालोनी हटेगी

यूटी प्रशासन की ओर से अब सेक्टर-25 में बनी अवैध कालोनियों को हटाया जाएगा। प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-25 की कालोनियों को नोटिस देकर उन्हें खाली करने को कहा जाएगा।

इसके बाद प्रशासन अभियान चलाकर कालोनी को खाली करा देगा। इस कारण सेक्टर-25 स्थित पीयू साउथ कैंपस में रहने वालों को तो दिक्कत आ ही रही है, साथ ही जवाहर नवोदय विद्यालय को कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें