मोहाली। रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के दौरान फेज-11, मोहाली स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस परीक्षा केंद्र पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब परीक्षा समाप्त होने के करीब 45 मिनट बाद छात्र-छात्राओं को बाहर जाने की अनुमति दी गई। देरी को लेकर केंद्र के बाहर इंतजार कर रहे अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिला और उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभिभावकों का कहना था कि परीक्षा समाप्त होने के बावजूद बच्चों को लंबे समय तक अंदर रोके रखा गया, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज गर्मी और लंबा इंतजार भी नाराजगी का कारण बना। कुछ समय के लिए केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद अभिभावकों ने आरोप लगाया कि परीक्षा खत्म होने के बाद भी केंद्र प्रबंधन ने समय पर निकासी नहीं की, जिससे बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी असुविधा हुई। वहीं, स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और व्यवस्था संभाली।
देरी का कारण गाइडलाइंस का पालन करना रहा
स्कूल ऑफ एमिनेंस, फेज-11, मोहाली के प्रिंसिपल लविश चावला ने बताया कि इस केंद्र पर करीब 480 छात्रों ने परीक्षा दी। देरी का कारण सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करना था। सुरक्षा जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही छात्रों को बाहर जाने दिया गया ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। हालांकि, अभिभावकों की नाराजगी को देखते हुए आगे व्यवस्थाओं में सुधार का आश्वासन भी दिया गया है।