महिला सशक्तीकरण पर हो रहे सेमिनार में जेएनयू पर पूछा सवाल.. हो गया हंगामा
- हरियाणा स्पीकर ज्ञान चंद, एनसीडब्ल्यू चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने रखे थे महिलाओं पर विचार
आइसा अध्यक्ष विजय कुमार ने जेएनयू और महिलाओं से हो रहे दुष्कर्म पर उठाया सवाल, पुलिस ने किया बाहर
विद्यार्थियों ने किया हंगामा, आइसा और एसएफएस के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
फोटो सहित
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पीयू में महिला सशक्तीकरण पर हो रहे सेमिनार में एक छात्र नेता की ओर से सवाल पूछने पर हंगामा हो गया। उसके बाद छात्रों ने सेमिनार से बाहर आकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि महिला सशक्तीकरण की बात नेता व अफसर कर रहे हैं, लेकिन जेएनयू में छात्राओं के साथ की गई बर्बरता पर एक शब्द किसी ने नहीं बोला।
पीयू के अंग्रेजी विभाग के ऑडिटोरियम में महिला सशक्तीकरण पर सेमिनार चल रहा था। कार्यक्रम में अतिथि हरियाणा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, एनसीडब्ल्यू चेयरपर्सन रेखा शर्मा, वाइस चांसलर प्रो. राजकुमार, डीयूआई प्रो. शंकरजी झा आदि थे। सभी ने बारी-बारी से महिलाओं के उत्थान पर विचार रखे। नेताओं ने केंद्र सरकार की ओर से किए गए कार्यों को गिनाया। यह भी बताया कि बलात्कारियों को सजा देने का कड़ा प्रावधान भी किया गया। इसके बाद छात्रों ने सवाल पूछना शुरू कर दिया। आइसा पीयू अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की बात की गई है, लेकिन जेएनयू में छात्राओं के साथ किया गया दुर्व्यवहार कितना उचित है? कहा, यह बताएं देश में कितनी महिलाओं के साथ रेप हुआ कितनों को सजा मिली? आसिफा के बलात्कारी को क्यों बचाया जा रहा है? इसके बाद कुछ छात्रों ने तालियां बजा दी। अफसरों की ओर से इशारा मिलते ही विजय कुमार को पुलिस ने बाहर निकाल दिया। इसके बाद छात्रों ने हंगामा कर दिया। सेमिनार के बाहर आकर आइसा, एसएफएस के कार्यकर्ताओं ने प्रोटेस्ट किया। उसके बाद पुलिस ने उन्हें समझाकर भेज दिया।
ऐसे कैसे मिलेगी मदद
कार्यक्रम के दौरान हंगामा होने के बाद कुछ शिक्षकों ने कहा कि यहां जो अतिथि आए हैं उनका स्वागत सभी को करना चाहिए। साथ ही उनके माध्यम से पीयू को तमाम सुविधाएं मिलनी हैं, इनका लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा, लेकिन छात्रों ने विरोध किया जो गलत है। कहा कि इससे पीयू की छवि पर दाग लगा है। अतिथि बाहर जाकर क्या संदेश देंगे?
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सेमिनार के दौरान हंगामा करने के मामले की जांच के लिए वीसी प्रो. राजकुमार ने रजिस्ट्रार प्रो. करमजीत सिंह की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। इस कमेटी में डीन रिसर्च प्रो. आरके सिंगला, डीएसडब्ल्यू प्रो. इमैनुअल नाहर, प्रो. योजना रावत आदि हैं। हालांकि विद्यार्थियों ने महज सवाल पूछे थे, ऐसे में कार्रवाई उन पर बनती नजर नहीं आ रही है।