-
-श्री गुरु तेग बहादर जी की 350वां शहादत दिवस, अरदास के साथ स्मृति कार्यक्रमों की होगी शुरुआत
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित स्मृति कार्यक्रमों की शुरुआत नई दिल्ली गुरुद्वारा श्री शीशगंज साहिब से होगी। यहां पंजाब के सीएम भगवंत मान, मंत्री व अफसर 25 अक्तूबर को माथा टेकेंगे। पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भाई मति दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के शहीदी स्थलों पर भी जाकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और उनके अद्वितीय बलिदानों का सम्मान करेंगे।
25 अक्टूबर की शाम को नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री रकाब गंज साहिब में एक भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस पूरे महीने, पंजाब सरकार श्री गुरु तेग बहादर जी के संदेश, शिक्षाओं और दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कई बड़े कार्यक्रम आयोजित करेगी।
मंत्रियों ने असम के सीएम को दिया न्योता
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात कर उन्हें श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित समारोहों के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सरमा को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण पत्र सौंपा, जिसमें पंजाब सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे भव्य स्मृति समारोहों की रूपरेखा बताई गई। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पंजाब के प्रतिनिधिमंडल का हार्दिक स्वागत किया और श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।