खरड़। खरड़ के नजदीक एक यूनिवर्सिटी में वकालत की पढ़ाई कर रहे अमन दहिया पुत्र सुंदर दहिया, गांव गढ़ी वाला, जिला सोनीपत की कुछ युवकों ने मारपीट और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश और पुलिस को जानकारी देने के शक से जुड़ा है।
मृतक के परिवार ने बताया कि अमन को पहले भी राम नामक लड़के से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। घटना के दिन अमन अपने फ्लैट में था,तभी उसकी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली लड़की लवीसा उसके फ्लैट में आई और कहा कि कृपया मुझे मेरे फ्लैट गुरु फतेह टाउन में छोड़ दो। वह अपनी गाड़ी में लवीसा को लेकर उसके फ्लैट छोड़ने गया। जैसे ही लवीसा फ्लैट के अंदर गई, तभी अचानक राम, मोनू और विनय ने गली में आकर उसे घेर लिया और लवीसा ने अंदर से ललकारा कि मैं बड़ी मुश्किल से इसे लेकर आई हूं, आज इसे जिंदा मत छोड़ना। मोनू और विनय ने उसकी बाहें पकड़कर पीछे मरोड़ दीं और राम ने उसकी छाती और पीठ में चाकू से वार किया।
हमले के बावजूद अमन किसी तरह भागकर पास के खाली प्लॉट में गिरा। उसने दोस्तों को बुलाया, जिन्होंने उसे तुरंत सेक्टर-32 के सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने राम, मोनू, विनय और लवीसा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।