अनोखी शादी, अनोखा शगुन और अब अनोखे गिफ्ट। शादी के शगुन में रोड वैक्यूम क्लीनर मशीन देने वाले वध-वधू पक्ष के बाद अब भात रस्म भी अनोखी होगी। अब भाती (दूल्हे का ननिहाल पक्ष) भी भात की रस्म के तौर पर शहर को 101 डस्टबिन देंगे। इसके अलावा लावारिस पशुओं और पक्षियों के लिए चूरी व बाजरे की बोरियां लेकर आएंगे।
आगामी पांच दिसंबर को यहां होने वाली अनोखी शादी में रविवार को उस वक्त एक कड़ी और जुड़ गई, जब दूल्हे के ननिहाल पक्ष ने भात की रस्म को तामझाम से दूर रखने का फैसला लिया। भाती शहर को 101 डस्टबिन देकर इस रस्म के माध्यम से समाज का स्वच्छता का संदेश देंगे।
101 डस्टबिन सफाई के लिए दिए जाएंगे
दूल्हे के पिता व भिवानी महापंचायत के संयोजक संपूर्ण सिंह के भाती कस्बा झोझू में रहते हैं। कस्बे में रविवार सुबह क्षेत्र के गणमान्य व मौजिज लोगों की पंचायत सांगवान खाप तेरह कन्नी के प्रधान राजबीर सांगवान की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
निर्णय हुआ कि संपूर्ण सिंह के बेटे सन्नी के विवाह में फिजूल खर्च व दिखावे की बजाय जिस प्रकार स्वच्छता, मूक प्राणियों के संरक्षण के प्रति विशेष योजना बनाई गई है उसी प्रकार उनके भातियों ने भी नई पहल करेंगे। पंचायत में फैसला लिया गया कि इस विवाह में गाय, सांडो, पक्षियों के लिए चूरी, बाजरा, ज्वार आदि की बोरियां दी जाएगी तथा 101 डस्टबिन सफाई के लिए दिए जाएंगे।
आदर्श विवाह के लिए आगे आई खाप
इस पंचायत में सभी वक्ताओं ने इस आदर्श विवाह व भात की नई परंपरा को खाप के गांवों में शुरू करवाने का सुझाव रखा। सांगवान खाप तेरह कन्नी के प्रधान राजबीर सांगवान ने इस पहल को गांव-गांव तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।
बैठक में सांगवान खाप के विभिन्न गांवों के लोगों ने संपूर्ण सिंह के बेटे के विवाह में पार्टी, बैंड बाजे, दिखावे पर खर्चा करने की बजाय भिवानी शहर के लिए रोड वैक्यूम क्लीनर मशीन उपलब्ध करवाने, पशु पक्षियों के लिए भोजन, चारे को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने के कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।