अखिल भारत हिंदू महासभा के उपाध्यक्ष धर्मपाल सिवाल का कहना है कि लड़कियों के हॉफ जींस, टॉप पहनने और मुंह को दुपट्टे से ढककर स्कूटी और बाइक चलाने पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। समाज में फैलती अश्लीलता को रोकने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में भी ड्रेस कोड लागू किया जाए। इसके अलावा लिव इन रिलेशनशिप पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर इसके खिलाफ कानून बनाया जाए। अगर इस पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध नहीं लगा तो हिंदू महासभा को मजबूरन जन आंदोलन का करना पड़ेगा।
इन मांगों को लेकर जल्द ही हिंदू महासभा का एक शिष्टमंडल हरियाणा प्रभारी नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलेगा ताकि अश्लीलता पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस मुहिम को हरियाणा के बुद्धिजीवियों, कई खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी समर्थन दिया है। इन मुद्दों पर अमल के लिए राज्यस्तरीय हिंदू महासभा की बैठक 7 दिसंबर को हांसी के विश्राम गृह में होगी।
छोटे कपड़े ही रेप की घटनाओं के लिए जिम्मेदार
रेस्ट हाउस में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिल भारत हिंदू महासभा के उपाध्यक्ष धर्मपाल सिवाच ने कहा कि संस्कृति को बचाने के लिए छात्र और छात्राओं के अभिभावकों को हिंदू महासभा के सुझावों पर अमल करना होगा। कपड़े हमेशा वही पहनने चाहिए, जिससे पूरा शरीर ढकता हो। अश्लील कपड़े पहनने से अश्लीलता फैलती है।
टाइट और छोटे कपड़े ही रेप की घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज जाने वाली लड़कियों के गले में चुन्नी होनी चाहिए क्योंकि यह हमारी संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगना चाहिए क्योंकि यह हमारे हिंदू संस्कृति को खराब करने का काम कर रहे हैं।
जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक विदेशी महिला होकर भारतीय परिधान पहन सकती है तो देश की अन्य लड़कियों को भारतीय संस्कृति के अनुसार कपड़े पहनने में क्या परेशानी है। अगर इस पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध नहीं लगा तो हिंदू महासभा को मजबूरन जन आंदोलन का करना पड़ेगा।
मल्टीमीडिया फोन रखने पर प्रतिबंध लगे
सिवाच ने कहा कि हिंदू महासभा द्वारा चलाए गए अभियान हाफ जींस टॉप पहनने व मुंह पर दुपट्टा डालकर स्कूटी और बाइक चलाने पर प्रतिबंध लगाने की मुहिम को काफी सफलता मिली है। मोबाइल फोन जहां लाभदायक हैं, उससे ज्यादा हानिकारक भी है। ज्यादातर लड़कियां मल्टीमीडिया फोन रखती हैं और इसमें फेसबुक, व्हाट्सएप यूज होता है।
इसमें अश्लील चित्र आते रहते हैं। कॉलेज के समय लड़के-लड़कियों पर मल्टीमीडिया फोन रखने पर प्रतिबंध लगना चाहिए। सिवाच ने कहा कि हिंदू महासभा के हरियाणा में 43 हजार 233 के करीब सदस्य बन चुकें हैं और एक लाख हिंदू महासभा के सदस्य बनाने का लक्ष्य हमने रखा हुआ हैं, जिसको पूरा करने के लिए प्रदेश भर में जन जागरण अभियान जोर शोर से जारी हैं।
इस अवसर पर उनके साथ हिंदू महासभा के प्रदेश प्रवक्ता ललित भारद्वाज, हिंदू महासभा के महामंत्री देवीराम कौशिक, जिलाध्यक्ष जींद मनोज लाठर, रोहतक के जिलाध्यक्ष संजय सहारन, हिसार के जिलाध्यक्ष कृष्ण सिंधू, भिवानी के जिलाध्यक्ष राजबीर बेनीवाल, सिरसा के जिलाध्यक्ष गगन हांड़ा, रमेश लाठर, गुलाब सिंह, सुरेंद्र कौशिक, जयपाल ठेकेदार, डॉ. रामकुमार शर्मा, देवेंद्र कौशिक सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।