स्वतंत्रता दिवस पखवाड़ा के तहत भाजपा द्वारा पार्टी कार्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। मेघवाल ने कहा हजारों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी शायद इतिहास के पन्नों में पूर्ण रूप से दर्ज नहीं हो पाई है।
उनकी जानकारी भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के आयोजन का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। मेघवाल ने कहा कि देश में राजनैतिक एकता के लिए सरदार पटेल को, सामाजिक एकता के लिए डॉ. भीम राव अंबेडकर को जाना जाता है। भविष्य में आर्थिक एकता के लिए नरेंद्र मोदी को जाना जाएगा।
उन्होंने पंडित नेहरू के भाषण को याद करते हुए कहा कि अब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का उदय वास्तव में हो रहा है। मोदी सरकार के समय में पारदर्शिता आई है। सरकार द्वारा दिए जाने वाले विभिन्न लाभों को अब बैंक खातों के माध्यम से सीधे तौर पर लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मंच पर राजस्थानी कलाकारों ने परंपरागत राजस्थानी कार्यक्रम पेश किया। इसके उपरांत मनीमाजरा के एमआरडी स्कूल के छोटे छोटे बच्चों ने देश भक्ति गानों पर अपनी प्रस्तुति की। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन और मेयर अरुण सूद भी मौजूद रहे।
कर्मचारी बोले, वित्त मंत्रालय से फाइल निकलवाओ मंत्री साहब
हाउसिंग इंप्लाइज वेलफेयर सोसाइटी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को अर्जुन राम मेघवाल से मिला। कर्मचारियों ने मांग की कि उनके फ्लैट की जमीन का रेट तय करने का मामला वित्त मंत्रालय में पेंडिंग है। इसे जल्द से जल्द निकलवाया जाए। मालूम हो कि प्रशासन ने कर्मचारियों के फ्लैट निर्माण का मामला एमएचए और वित्त मंत्रालय को भेजा हुआ है।
मलूम हो कि प्रशासन ने साल 2008 में 3930 सफल कर्मचारियों के फ्लैट देने के लिए ड्रॉ निकाला था, इनमें तीन कैटगरी के अलग-अलग फ्लैट का निर्माण होना था, जिसके लिए 7827 कर्मचारियों ने आवेदन किया था। इसके बाद प्रशासन ने कर्मचारियों को फ्लैट देने से इनकार कर दिया था। केंद्र सरकार ने भी जो मास्टर प्लान को मंजूरी दी है, उसमें भी हाउसिंग स्कीम के लिए सेक्टर-52,53 और 56 में जमीन रखी गई है।