खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भगोड़ा आखिर कितने दिन तक भागेगा। कानून के हाथ लंबे होते हैं। दहशत और भय फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए। भगोड़े अमृतपाल को पकड़ने में पंजाब को लंबा समय लग गया। अगर थोड़ा जल्दी पकड़ लेते तो अच्छा होता।
यह भी पढ़ें- Amritpal Singh: डिब्रूगढ़ जेल में अलग सेल में अमृतपाल, साथियों से भी दूरी, कमांडो व सीआरपीएफ तैनात
सीमावर्ती क्षेत्र में नाकाबंदी, मजबूत की गई सुरक्षा
अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद सारे सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व नाकाबंदी मजबूत कर दी गई है। रविवार को अमृतसर के सभी प्रमुख मार्गों पर बढ़ी संख्या में पुलिस ने नाके लगाए। पुलिस को आशंका थी कि अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद उसके समर्थक सड़कों पर उतर सकते हैं। सीमावर्ती गांवों को आने-जाने वाले रास्तों पर भी नाके लगा दिए गए। वाहनों की जांच भी की गई।
यह भी पढ़ें- Amritpal Singh: 12 दिसंबर से आज तक कब क्या हुआ, पढ़ें- अमृतपाल घटनाक्रम की पूरी टाइमलाइन
कस्बा अटारी, मजीठा, अजनाला, लोपोके, चौंगावां, खासा, रमदास, श्री हरिमंदिर साहिब की हेरिटेज स्ट्रीट, गुरुद्वारा श्री शहीदां साहिब, श्री दुर्ग्याणा मंदिर व बस स्टैंड के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया था। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने कहा कि शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होगी।