शाह का विरोध करने जा रहे युवा कांग्रेसियों को हिरासत में लिया
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में विरोध के लिए एकजुट हो रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर-39 के थाने ले गई। पुलिस के हिरासत में लेने पर युवा कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार और गृहमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इन कार्यकर्ताओं की अमित शाह को काला झंडा दिखाने की योजना थी जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने हिरासत में लिए कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया।
सेक्टर-39 में इन कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, कांग्रेस महासचिव एचएस लक्की, पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी पहुंचे। युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है, दूसरी ओर सरकार ने खाद्य पदार्थों के दाम इतने ज्यादा बढ़ा दिए हैं कि आमजन को मुश्किलों का सामना करना पड रहा है। महासचिव सुखदेव सिंह और विनायक बंगिया ने कहा कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है। पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए युवा कांग्रेसियों में महासचिव कंवलप्रीत सिंह, सचिव नितिन कवाल, युवा नेता नरिंदर गांधी, वार्ड प्रधान विकास खन्ना, जसप्रीत सिंह आदि शामिल रहे।