हरियाणा के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि यह बजट ग्रामीणों और किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने के अपने संकल्प को साकार करने के लिए कार्य कर रहे हैं। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट प्रस्तुत करते हुए एमएसपी का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है।
उन्होंने कहा कि अब किसानों को यह कहकर बरगलाया नहीं जा सकेगा कि एमएसपी को खत्म किया जा रहा है। बजट में 1000 मंडियों को ई-नेम से जोड़ने की घोषणा की गई है। अब किसानों के बीच विपक्षी दल मंडियां समाप्त किए जाने का भ्रम नहीं फैला सकेंगे। पिछली सरकारों के मुकाबले गेहूं, धान, दलहन और कपास आदि की खरीद के आंकड़ों को प्रस्तुत कर केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अफवाह और भ्रम फैलाने वालों को आइना दिखाने का कार्य किया है।
किसान हित के बजट के लिए प्रधानमंत्री का आभार : धनखड़
हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने किसान हित के बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि धान व गेहूं की खरीद पर आवंटन बढ़ाकर पौने दो लाख करोड़ किया। 10 हजार करोड़ दालों के लिए, 1000 करोड़ कपास के लिए, कपास की कस्टम डयूटी 10 फीसदी बढ़ाई गई, जिससे घरेलू किसानों को फायदा होगा।
1000 करोड़ चाय बागान के श्रमिकों के लिए दिए गए। सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने लिए पांच हजार करोड़ का आवंटन, 1000 मंडियों को ई-नाम से जोड़ा जा रहा है। मंडियां इंटरनेट से जुड़ेंगी व एपीएमसी को एग्री इंफ्रा फंड से जोड़ा जाएगा। इससे मंडियां विकसित होंगी व आधुनिक बनेंगी। किसानों को ऋण के लिए 16.5 लाख करोड़ का इंतजाम करने पर भी प्रधानमंत्री का बहुत धन्यवाद।
आशावादी बजट : केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया
केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया ने बजट को आशावादी और भारत की 130 करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक बताया। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्वास्थ्य, बुनियादी ढ़ांचा, समावेशी विकास, मानवीय संपदा, अनुसंधान और विकास और इनोवेशन के 6 स्तम्भ मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की नींव साबित होंगे। कटारिया ने जल जीवन मिशन (शहरी) की घोषणा का स्वागत किया, जिससे 2.87 लाख करोड़ रुपये के आवंटन के साथ पूरे देश में 4,378 शहरी स्थानीय निकायों में 2.86 करोड़ परिवारों को कवर करने का प्रस्ताव है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। शिक्षा क्षेत्र का उत्थान, स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी, कृषि व ग्रामीण क्षेत्र में बेहतरी और देश का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा। देश के इतिहास में यह पहला डिजिटल बजट पेश हुआ।
कोरोनाकाल की चुनौतियों के बावजूद प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव रखी गई है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के लिए पहले से दोगुना बजट आवंटित किया गया है। इससे राज्य के नए एमएसएमई निदेशालय के जरिये सभी जिलों में क्लस्टर स्थापित करने की योजना को और अधिक बल मिलेगा।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान : विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य के लिए 137 प्रतिशत वृद्धि करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कोरोना काल से उभरने के बाद आम बजट में स्वास्थ्य के लिए गत वर्ष आबंटित किए गए 94 हजार करोड़ की तुलना इस बार 2.23 लाख करोड़ का आवंटन सराहनीय कार्य है।
इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, उद्योग, अनुसंधान, आधारभूत संरचना सहित सभी क्षेत्रों का समावेशी विकास होगा। शहरों को साफ सुथरा बनाने के लिए अर्बन क्लीन इंडिया मिशन पर 1.41 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे हरियाणा सहित बड़ी संख्या में देश के विभिन्न शहरों में सुविधाएं बढ़ेंगी।
बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने बजट को संतुलित एवं नए दशक का पहला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिजली उपभोक्ताओं को अनेक सहूलियत मिलेंगी। इससे बिजली उपभोक्ता एक से अधिक संवितरण कंपनियों में से अपना चुनाव करने का विकल्प रख सकेंगे। इस योजना से डिस्कॉम्स को बुनियादी संरचनाओं को तैयार करने में सहायता मिल सकेगी। इस बजट से देश के गरीब, मजदूर, किसान तथा बुजुर्गों का जीवन स्तर ऊंचा उठेगा।
आर्थिक सुधारों की तरफ बढ़ाया कदम : बनवारी
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने बजट को आर्थिक सुधारों वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आपदा में अवसर की तरह है और हर वर्ग का ध्यान रखते हुए इसे प्रस्तुत किया गया है। यह भारत के नागरिकों के कौशल को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है। यह समृद्धि के लिए बहुगुणक साबित होगा।
यथार्थ का एहसास और विकास का विश्वास निहित : संदीप
खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि बजट में यथार्थ का एहसास और विकास का विश्वास निहित है। यह भारत के आत्मविश्वास को उजागर करने वाला है। इसमें आम नागरिकों ,विशेषकर महिलाओं के जीवन को आसान करने के लिए उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, शुद्ध जल और अवसरों की समानता पर विशेष बल दिया गया है। इससे निश्चित ही एक आत्मनिर्भर भारत का उदय होगा और प्रदेश प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा।
देशवासियों की उम्मीदों पर फेरा पानी : सैलजा
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि बजट ने देशवासियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। इससे हर वर्ग को निराशा हाथ लगी है। बजट में हरियाणा की जमकर अनदेखी की गई। बजट में सरकार ने अपने पूंजीपति मित्रों को ख्याल रखा है। आम लोगों को इसमें कुछ भी नहीं मिला। यह बजट पूरी तरह से खोखला और जनविरोधी है।
किसान, मजदूर, आम जनता के हित में नहीं बजट, बढ़ेगी महंगाई : हुड्डा
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह निजीकरण और महंगाई को बढ़ाने वाला बजट है। कृषि बजट में करीब 6 प्रतिशत की कमी की गई है। पेट्रोल, डीजल और गैस पर अतिरिक्त टैक्स से महंगाई की मार सीधे आम आदमी पर पड़ेगी। फर्टिलाइजर की सब्सिडी में 40 फीसदी की कमी होने से किसान की लागत बढ़ेगी। प्रधानमंत्री किसान योजना के बजट में भी 10 हजार करोड़ की कटौती कर किसान विरोधी फैसला लिया गया।