अगर आप यूके के स्टडी वीजा का आवेदन करने जा रहे हैं तो सावधान रहने की जरूरत है। पंजाब के शातिर एजेंटों ने पैकेज के नाम पर कोरोना काल में लूट मचानी शुरू कर दी है। यूके का वीजा 20 लाख रुपये में दिलाने के नाम पर जमकर फर्जीवाड़ा शुरू हो गया है और एजेंट इसमें जहां खूब चांदी कूट रहे हैं वहीं युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
युवाओं को वीजा दिलाने के लिए कई एजेंटों ने फर्जी सर्टिफिकेट का इस्तेमाल कर दूतावास को भेजना शुरू कर दिया है। दूतावास इन दस्तावेजों को क्रास चेक न करवा सके इसलिए एजेंट 24 घंटे में वीजा आवेदन की फीस सवा लाख रुपये जमा करवा रहे हैं। 24 घंटे में आवेदनकर्ता के तमाम दस्तावेजों की जांच करवाना नामुमकिन है।
ऐसे में एजेंट युवाओं को आसानी से यूके का सपना दिखाकर 20-20 लाख रुपये की राशि मांग रहे हैं। दरअसल 10 साल पहले भी जब यूके दूतावास की तरफ से पंजाब के युवाओं को वीजा देना शुरू किया गया था तो जमकर फर्जीवाड़ा किया गया था। हालात यह थे कि अनपढ़ व फेल विद्यार्थी भी यूके पहुंच गए। वहां पर स्टडी वीजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। 10 साल बाद यूके ने दोबारा स्टडी वीजा खोला है तो एजेंटों ने दोबारा अपनी दुकानों को सजा लिया है।