पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के सालाना फेस्ट गूंज-2014 में छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में खूब मस्ती की। इसके अलावा कई प्रतियोगिताओं में भावी इंजीनियर्स ने टैलेंट दिखाया।
रविवार को गूंज के अंतिम दिन सेक्टर-25 स्थित साउथ कैंपस में दिनभर युवाओं की खूब भीड़ रही। आखरी दिन भंगड़ा सहित कई अन्य कल्चरल इवेंट आयोजित किए गए।
भंगड़े में रेयात एंड बाहरा, यूआईईटी, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर और डीएवी कालेज-10 की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद रेयात एंड बाहरा और यूआईईटी की टीम को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
वहीं फैशन शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। यूआईईटी के विद्यार्थियों की दो टीमों ने रैंप पर फैशन शो में जबर्दस्त जलवा बिखेरा।
वहीं देर शाम पंजाबी गायक हरफ चीमा, मनकीरत ओलख और कुलबीर झिंगर ने स्टार नाइट में शानदार प्रस्तुति देकर इसे यादगार बनाया। पंजाबी गायकों की प्रस्तुति पर युवाओं ने जमकर डांस किया।