पंजाब विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं होंगी। इसके अलावा पीयू एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षाएं भी करवाएगा। यह परीक्षा ऑनलाइन हो सकती है। इसके लिए पीयू को एक सेटअप बनाना होगा। पीयू प्रशासन दिन-रात बैठकों में जुटा है।
वहीं इससे छात्रों की धड़कनें भी बढ़ रही हैं। जानकारों का कहना है कि पीयू में एडमिशन प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही होते हैं। ऐसे में यह प्रवेश परीक्षा महत्वपूर्ण है। यूजीसी ने सेमेस्टर परीक्षाएं कराने की अनुमति दे दी है, इससे पीयू की ताकत बढ़ गई है।
पीयू ने एक जुलाई को एडमिशन का प्लान लांच किया था। इसमें आठ जुलाई से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऑनलाइन फार्म भरे जाएंगे। बीएससी, एमएससी, मैनेजमेंट कोर्सेज के एडमिशन पंजाब विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के आधार पर करता है। इस बार भी प्रवेश परीक्षा का विकल्प रखा गया है।
साइंस स्ट्रीम में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, भूगर्भ विज्ञान, फार्मा विभाग, डेंटल विभाग, इंजीनियरिंग विभाग, कानून विभाग आदि में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का बड़ा रोल होता है। प्रवेश परीक्षा के जरिए पारदर्शिता बनी रहती है। अब तक पीयू ने अपने प्लान में प्रवेश परीक्षा को शामिल किया था, लेकिन वह प्लान बी पर भी काम कर रहा था।
अब यूजीसी ने सेमेस्टर परीक्षाएं करवाने को कहा है तो पीयू प्रवेश परीक्षाएं भी ले सकता है।