चंडीगढ़। धनास स्थित मार्केट में नाई की दुकान के पास पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। हमले में धनास मिल्क कॉलोनी निवासी रघुवीर और हनी घायल हो गए। सारंगपुर थाना पुलिस ने मामले में धनास गांव निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ गोरखा (32) के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रघुवीर (24) और हनी पेंट का काम करते हैं। दोनों का आरोपी गोरखा के साथ किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दोनों धनास में बाल कटवाने आए थे। इसी दौरान गोरखा वहां पहुंचा और लोहे की रॉड से रघुवीर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए हनी पर भी उसने वार किया। हमले में रघुवीर के पैर और सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया।