नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने दबोचा, दो कमानीदार चाकू भी बरामद
असली पिस्टल से गोली चलने की आशंका में लोगों ने दी थी सूचना, रोहित पर पहले भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का केस
चंडीगढ़। रामदरबार फेज-1 की गलियों में देर रात बाइक पर टॉय पिस्टल लहराने और उससे फायर करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रामदरबार फेज-1 निवासी अक्षय उर्फ पिंगी (20) और रोहित उर्फ कुक्कड़ (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 3 बीआरडी से रामदरबार जाने वाली सड़क पर नाकेबंदी के दौरान पकड़ा। उनके कब्जे से एक टॉय पिस्टल और दो कमानीदार चाकू बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 12 से 12:30 बजे विजय कुमार ने कंट्रोल रूम में सूचना दी कि बाइक सवार दो युवकों ने रामदरबार में दो राउंड फायर किए हैं। गोली जैसी आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर सेक्टर-31 थाना पुलिस पहुंची। क्राइम ब्रांच, डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल, ऑपरेशन सेल और सीएफएल की टीमों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में फायरिंग के लिए असली पिस्टल के बजाय टॉय पिस्टल के इस्तेमाल की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, युवकों ने इसे करीब 1100 रुपये में खरीदा था।
नाकेबंदी में तलाशी के दौरान बरामदगी
एएसआई अनिल कुमार की टीम ने नाकेबंदी के दौरान दोनों को रोका। अक्षय से एक कमानीदार चाकू, जबकि रोहित से एक चाकू और टॉय पिस्टल मिली। मकान नंबर 681-682 के बाहर प्लास्टिक का खोल भी मिला था। पुलिस के अनुसार रोहित के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित एफआईआर दर्ज है। मामले की जांच जारी है।