चंडीगढ़। अलग-अलग थाना पुलिस ने हत्या, लूटपाट समेत अन्य वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को दो पिस्टल और 10 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी सेक्टर-26 बापूधाम निवासी हरदीप सिंह उर्फ काजू (30) और पंचकूला के सेक्टर-16 इंदिरा कालोनी निवासी प्रदीप कुमार (32) हैं। वीरवार आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर पुलिस ने दोनों का दो-दो दिन का रिमांड हासिल किया है।
सेक्टर-31 थाना प्रभारी राजदीप सिंह की अगुवाई में सब इंस्पेक्टर यशपाल हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट के पास बुधवार शाम करीब 4.30 बजे पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक युवक पोल्ट्री फार्म चौक की तरफ से बिना लाइसेंसी पिस्टल लेकर आ रहा था। इस दौरान पुलिस ने रामदरबार पोल्ट्री फार्म चौक के पास नाका लगाकर सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी (सीएच01बीआर 4538) को रोक लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप कुमार बताया। तलाशी के दौरान प्रदीप के पास से एक पिस्टल समेत पांच कारतूस बरामद हुए।
उधर, सेक्टर-36 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रणजोध सिंह की अगुवाई में सेक्टर 43 चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने टीम के साथ बुधवार देर शाम बस स्टैंड के पीछे नाका लगाया हुआ था। शाम करीब 6.45 बजे एक युवक सेक्टर 43 की तरफ से आ रहा था। नाका देख युवक ने रास्ता बदल लिया। पुलिस को शक हुआ। युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरदीप सिंह बताया। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों नशे के आदी हैं। आरोपियों पर पंचकूला, अंबाला समेत चंडीगढ़ के अलग-अलग थानों में 11 मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, अपहरण, दंगा, जुआ, आर्म्स एक्ट, डकैती, जबरन घर में घुसना समेत अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं।