संदिग्धों की तलाश में जुटे सुरक्षाकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुरकंडी में रावी नदी किनारे दो संदिग्ध देखे जाने पर पुलिस व स्वैट टीम ने रात भर आसपास के जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस सर्च में एसपी ऑपरेशन हेमपुष्प शर्मा अपनी पूरी टीम के साथ शामिल हुए लेकिन उन्हें कुछ संदिग्ध नहीं मिला। जानकारी के मुताबिक कस्बा शाहपुरकंडी रावी नदी किनारे स्थित पुराने शिव मंदिर के पास झोपड़ी बनाकर रह रहे परिवार ने रात लगभग साढ़े 11 बजे जंगल में दो संदिग्धों को देखा और उन्हें ललकारा।
इसके बाद संदिग्ध वहां से भाग खड़े हुए। झुग्गी में रहने वाले जंगी ने बताया कि रात को उनका मेहमान दिलावर जंगल में शौच गया तो वहां उसने दो संदिग्ध लोग देखे जो कुर्ता-पजामा पहने थे। बकौल, दिलावर उक्त दोनों लोग लगभग साढ़े 6 फीट लंबे थे और मोबाइल पर बात कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में किराया न मिलने पर हॉस्टल मालिक ने नगालैंड की नौ लड़कियों को बंधक बनाया
दिलावर ने घर पहुंच इसके बारे में बताया तो बाकी लोग वहां पहुंचे और ललकारा। इनमें से एक संदिग्ध श्मशान घाट की तरफ भाग गया और दूसरा रावी नदी के किनारे जंगल में जा घुसा। उसके बाद सरपंच और पुलिस को सूचित किया गया। एसपी हेमपुष्प शर्मा, डीएसपी सुखजिंद्र सिंह और एसएचओ अश्वनी मौके पर पहुंचे। रात भर स्वैट ने डॉग स्क्वॉड के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। एसएचओ अश्वनी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद सर्च फिलहाल जारी है। कोई संदिग्ध नहीं मिला है।