पटियाला पुलिस ने मंगलवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र यूनियन के मौजूदा और पूर्व प्रधान को धमकाकर पैसे लेने, नशा सप्लाई और लूटपाट की वारदात के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर नाभा जेल ब्रेक मामले के मुख्य आरोपी कुलप्रीत सिंह उर्फ नीटा दियोल समेत अन्य गैंगस्टरों को नशीले पदार्थ सप्लाई करने और पैसों से मदद करने का आरोप है। उनके पास ड्रग्स, दो पासपोर्ट और एक कार बरामद की गई है।
हरमन सिंह पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में गांधी ग्रुप स्टूडेंट यूनियन (जीजीएसयू) का 2014 में प्रधान रहा है। वह फिलहाल फ्रेंच में डिप्लोमा कर रहा है। वहीं अरमान सिंह चीमा जीजीएसयू का मौजूदा प्रधान है और वह हिस्ट्री में एमए कर रहा है। एसपी (डी) हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सीआईए स्टाफ पटियाला-दो के इंचार्ज इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने मंगलवार को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के संबंध में नाकाबंदी की थी।
इस दौरान राजपुरा के गांव उकसी सैनियां से हरमन सिंह विर्क निवासी गांव गढ़ी नजीर थाना गुहला जिला कैथल और अरमान दीप सिंह चीमा निवासी बगीची हेत राम, पटियाला को काबू किया गया। उनके कब्जे से 700 ग्राम नशीले पदार्थ, दो पासपोर्ट और एक आई-20 कार बरामद की गई है। इनमें से एक पासपोर्ट नाभा जेल ब्रेक कांड में बंद आरोपी कुलविंदर सिंह और दूसरा पासपोर्ट जसदीप कौर निवासी गांव सिधाना तहसील फूल का है।