एआईजी ने बताया कि सतनाम सिंह ने बताया कि उसके पाकिस्तानी तस्कर रियाज चाचा के साथ अच्छे संबंध हैं। रियाज से बातचीत कर बीएसएफ की बीओपी मस्ता गट्टी एरिया की तरफ से छह व सात जनवरी की रात को पांच किलो हेरोइन मंगवाई थी। पाक तस्कर ने फेंसिंग के इस तरफ हेरोइन के पैकेट फेंक दिए थे।
उसके पास गुरप्रीत से मिलकर उसके खेतों में लगे ट्यूबवेल वाली मोटर के पास हेरोइन के पैकेट मिट्टी में दबा दिए थे। सतनाम के मुताबिक दोनों ने एक किलो हेरोइन ममदोट क्षेत्र के लोगों को परचून में बेच दी थी। पाक तस्कर रियाज चाचा के कहने पर चार किलो हेरोइन अमृतसर में किसी व्यक्ति को देने जा रहे थे।
सतनाम पर दर्ज हैं कई मामले
एआईजी ने बताया कि सतनाम के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। सतनाम पर मोगा थाने में आठ किलो चूरापोस्त का मामला दर्ज है। ममदोट थाने में भी मामला दर्ज है। इसी तरह फरीदकोट थाने में भी नशीला पाउडर पकड़े जाने के आरोप में मामला दर्ज है। पटियाला में चूरापोस्त की आठ बोरियां पकड़ी गई थीं। वहां भी मामला दर्ज है।
तरनतारन थाने में आधा किलो हेरोइन के आरोप में केस दर्ज है। सतनाम को 2005 में मोगा वाले केस में 12 साल की कैद हुई थी। जेल में पांच साल काटने के बाद 2010 में हरियाणा एवं पंजाब हाईकोर्ट ने जमानत दी थी। इस कारण सतनाम जेल से बाहर आया था। सतनाम के चाचा नत्था सिंह पर भी थाना कैंट फिरोजपुर में पांच किलो हेरोइन का मामला दर्ज है। उधर, गुरप्रीत ने तीन माह पहले पाक तस्कर रियाज के कहने पर एक किलो हेरोइन गांव मधरे के रेलवे फाटक के पास परचून में बेची थी।
धुंध में पाक तस्करों ने फेंके हेरोइन के पैकेट
धुंध की आड़ में पाकिस्तानी तस्कर सरहद पर हेरोइन की डिलीवरी देने पहुंचे थे लेकिन बीएसएफ ने इसे नाकाम कर दिया। बीएसएफ की सतर्कता को भांपते ही तस्कर हेरोइन के पैकेट वहीं छोड़ धुंध की आड़ में भागने में कामयाब हो गए। घटनास्थल पर सर्च अभियान चलाने पर बीएसएफ को हेरोइन के चार पैकेट बरामद हुए हैं। इनका वजन दो किलो आंका गया है। यह घटना बीएसएफ अबोहर सेक्टर के अंतर्गत ममदोट स्थित बीओपी जल्लोके के पास हुई।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक बीएसएफ बटालियन 124 के जवान रात के समय फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे। रात में धुंध बहुत थी। इसी बीच बीएसएफ जवानों को फेंसिंग पार पाक तस्करों की हरकत की आवाज सुनाई दी। बीएसएफ जवान सतर्क हो गए। घनी धुंध में कुछ नजर नहीं आ रहा था।
पाक तस्करों ने बीएसएफ की सतर्कता भांप ली और हेरोइन के पैकेट वहीं छोड़ भाग निकले। सुबह होने पर बीएसएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया तो वहां से हेरोइन के चार पैकेट बरामद हुए जिनका वजन दो किलो आंका गया है। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि धुंध के मौसम में सरहद पर पाक और भारतीय तस्कर सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे मौसम में बीएसएफ जवानों की संख्या सरहद पर बढ़ाकर गश्त तेज कर दी जाती है।