बठिंडा में सरहिंद नहर के किनारे बनी उड़िया कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक झुग्गी में आग लग गई। इससे दो सगी बहनों की झुलसने से मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की चार-पांच झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।
विज्ञापन
मृतक बच्चियों के पिता ने बताया कि मंगलवार सुबह कॉलोनी में ही एक परिवार खाना बना रहा था कि अचानक झुग्गी में आग लग गई। हवा तेज होने के कारण आग आसपास की झुग्गियों में भी फैल गई और चार-पांच झुग्गियां जलकर पूरी तरह से राख हो गई।
आग लगने से लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने अपने चारों बच्चों को झुग्गियों से बाहर निकाल लिया था लेकिन उनकी दोनों बेटियां आग से बचने के लिए दूसरे कमरे में जाकर छिप गई। इसके बाद कमरे में पड़ा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने के कारण फट गया और उस कमरे में भी आग लग गई। आग की चपेट में आकर उनकी दोनों बेटियां बुरी तरह से झुलस गई। जब उन्होंने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो उनकी दोनों बेटियां आग की चपेट में आई हुई थी और चिल्ला रही थी इसके बाद उन्होंने आग बुझाकर बेटियों को बाहर निकालने की कोशिश की। मौके पर पहुंची सहारा जन सेवा की टीम ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल कर तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर उन्हें अस्पताल के डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।