हरियाणा के मुरथल में शराब चोरी करने की शिकायत पर दो सब इंस्पेक्टर नप गए हैं। सब इंस्पेक्टर बलराज सिंह और नरेश कुमार को शराब चोरी करने की शिकायत पर सस्पेंड कर दिया गया है। सीएम मनोहर लाल ने निलंबन के आदेश दिए हैं। सीएम विंडो पर आई भ्रष्टाचार की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सरकार ने एक अधिकारी को सस्पेंड, एक अधिकारी को चार्जशीट और अलग-अलग मामलों के तहत एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं।
यह जानकारी मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने दी। डॉ. राकेश गुप्ता और मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल यहां सीएम विंडो के संबंध में नोडल अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार की शिकायत पर संज्ञान लेते रेवाड़ी के अकाउंटेंट राकेश कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। नगर एवं ग्राम योजना में आई शिकायत में आरोप था कि एसआरएस रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड ने जाली दस्तावेज के आधार पर प्रमाण पत्र प्राप्त किया है, जो विभाग की जांच में साबित हो चुका है।
इस पर एसआरएस रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग के अंतर्गत शिकायत में मधुमक्खी पालन के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि में गड़बड़ी के मामले में डीएचओ के खिलाफ कार्रवाई और सप्लायर के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज करने को कहा गया है। राजस्व विभाग से संबंधित शिकायत में गड़बड़ी करने वाले तहसीलदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी और चार्जशीट भी किया जाएगा।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के खिलाफ शिकायत पर पूर्व नगर परिषद चेयरमैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर एवं ग्राम योजना से संबंधित शिकायत पर गुरुग्राम के सेक्टर- 48 में रोजवुड सिटी के मेंनटनेंस कार्य को बिल्डर से लेकर आरडब्ल्यूए को दिया जाएगा। डीसी यह कार्रवाई करेंगे। स्कूल शिक्षा से संबंधित शिकायत पर फतेहाबाद में बिना मान्यता के चल रहे 2 स्कूलों पर कार्रवाई होगी।