सीआईए स्टाफ अमृतसर देहात और थाना घरिंडा की पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान एक किलो हेरोइन के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार किए हैं। तस्करों के नाम लवप्रीत और गुरप्रीत है। पिछले एक पखवाड़े के दौरान देहात पुलिस ने लगभग 25 किलोग्राम हेरोइन को बरामद किया है। इनमें से एक तस्कर शमशेर सिंह शेरा से 23 किलोग्राम हेरोइन की खेप बरामद कर देहात पुलिस ने पाकिस्तान और भारतीय तस्करों के बीच का नेक्सस तोड़ने में सफलता पाई थी।
एसएसपी बिक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि एक किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी सीमावर्ती गांव महावा के बाहर आरोपियों गुरप्रीत व लवप्रीत से की गई है। उन्होंने कहा कि हेरोइन की कई खेप में हथियार भी मिल रहे हैं। सीमा पार से हेरोइन के साथ-साथ हथियारों की तस्करी से स्पष्ट है कि पाकिस्तान सीमावर्ती गांवों के युवकों को बरगला कर देश की अखंडता को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा है।
देहात पुलिस के अंतर्गत भारत-पाकिस्तान का 102 किलोमीटर का इंटरनेशनल बॉर्डर है। पुलिस बीएसएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसी मिल कर काम कर रही है। देहात पुलिस ने सीमावर्ती गांवों में नाके की संख्या बढ़ा दी है। पाकिस्तान से ड्रोन से आने वाले हथियारों को बरामद करने के लिए लोगों को साथ जोड़ रहे हैं।