सेक्टर-10 में सिलेंडर ब्लास्ट में घायल दो लोगों को जीएमसीएच-32 में समय पर वेंटिलेंटर न से मौत हो गई। हालांकि अस्पताल का दावा है कि एक मरीज को वेंटिलेटर की सुविधा मुहैया की गई थी। रविवार को सुबह सेक्टर-10 निवासी 77 वर्षीय आरसी शर्मा सहित ध्वस्त हुए मकान के मालिक अजीत चौधरी की भी मौत हो गई।
धमाकों में घायल नौ लोगों में से तीन की अब तक मौत हो चुकी है। जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। बाकी दोनाें गंभीर व्यक्तियों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। बुधवार रात सेक्टर-10 के मकान नंबर-702 में अचानक एक के बाद एक हुए दो धमाकों की चपेट में आने से नौ लोग जख्मी हो गए थे। भयानक धमाकों की गूंज सेक्टर-15, 16, नौ, आठ तक पहुंची थी।
घटना में जख्मी एचआर शर्मा की दो दिन पहले जीएमसीएच-32 में मौत हो गई थी जो बुरी तरह झुलस गए थे। रविवार को सुबह करीब आठ बजे पंजाब इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के रिटायर्ड सीनियर अकाउंटेंट की भी वेंटिलेटर न मिलने से मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि उनके शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा। दोपहर बाद सेक्टर-10 के मकान नंबर-702 के मालिक अजीत चौधरी, जो एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत थे, उनकी भी मौत हो गई। अजीत चौधरी के पिता खरड़ में रहते हैं। जबकि उनके अन्य भाई विदेश में रहते हैं। अजीत यहां अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे।