डेराबस्सी। शहर में 24 घंटे के दौरान पांच अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में ट्रक ने एक
एक्टिवा को टक्कर मार दी। इसमें दोनों सवारों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार एक्टिवा सवार दो लोग डेराबस्सी के डीएवी स्कूल से गलत दिशा में मुबारकपुर की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में दोनों के ऊपर से ट्रक के पहिए गुजर गए। इस कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान 69 वर्षीय भुवन चंद्र निवासी मौली जांगरा, चंडीगढ़ और केवलानंद निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल डेराबस्सी के शवगृह में रखवा दिया है। इसी तरह रामगढ़ रोड स्थित गांव दफरपुर में एक मारुति कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक 32 वर्षीय धीर सिंह निवासी गांव हरिपुर हिंदुआ के रूप में हुई है।
तीसरा हादसा चंडीगढ़-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर आदर्श नगर के पास हुआ। यहां मोटरसाइकिल सवार 23 वर्षीय गोलू जो नाहर फैक्ट्री में सहायक ऑपरेटर के रूप में काम करता था, को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गोलू की मौत हो गई और उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार साथी घायल हो गया।
चौथा हादसा डेराबस्सी फ्लाईओवर के पास हुआ। यहां एक मजदूर अपनी पत्नी और तीन बच्चों को लेकर रेहड़ी से घर जा रहा था। जब वह फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तो दूध का पैकेट लेने के लिए रेहड़ी को सड़क किनारे खड़ा करके चला गया। इस दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी रेहड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रेहड़ी में बैठी महिला और उसके तीन बच्चे घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला और बच्चे दूर जा गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घायल महिला की पहचान 26 वर्षीय सानू के रूप में हुई है।
पांचवां हादसा मुबारकपुर में हुआ। वहां एक छोटा हाथी वाहन की टक्कर एक कैंटर से हो गई। हादसे में छोटा हाथी का चालक घायल हो गया।