आतंकी की मदद के आरोप में पटियाला पुलिस ने गुहला-चीका में प्रिंटिंग मशीन संचालक व एक पेंटर को गिरफ्तार किया है। 4 नवंबर को पुलिस दोनों को गिरफ्तार करके ले गई है। सोमवार को दिनभर मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। अभी तक यही पता चल पाया है कि दोनों ने कुछ सामग्री प्रिंट करके पटियाला पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आतंकी की मदद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुहला-चीका में पटियाला रोड पर पेंटर की दुकान संचालक विनोद कुमार निवासी अंबा कॉलोनी चीका को गिरफ्तार किया है। जो मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट सहित अन्य सामग्री लिखने का काम करता है। बताया जा रहा है कि आतंकी से संबंधित शब्द उसने एक बाइक पर लिखे थे।
इसी प्रकार से एक अन्य रमेश कुमार निवासी रेवाड़ जागीर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो कांगड़ा प्रिंटिंग प्रेस के नाम से सिनेमा रोड पर दुकान चलाता है। 11 माह पहले उससे आतंकी द्वारा लेटर पैड प्रकाशित करवाए जाने की जानकारी मिली है। उधर, सीआईए पटियाला के इंस्पेक्टर ने मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। वहीं एसपी आस्था मोदी ने बताया कि मामले का पूरा विवरण तो नहीं पता। लेकिन पटियाला पुलिस इन दोनों को 4 नवंबर को गिरफ्तार करके ले गई है।