चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कस्टम विभाग ने दुबई से आए दो यात्रियों से 1.4 किलो अवैध सोना पकड़ा। सोने के बिस्किट को आरोपियों ने सिगरेट के एक पैकेट में छुपा रखा था। बरामद सोने की कीमत करीब 83 लाख रुपये बताई जा रही है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कस्टम विभाग को दोनों आरोपियों पर सोने की तस्करी करने का शक है। आरोपियों ने सोने की तस्करी के लिए सिगरेट का पैकेट चुना ताकि किसी को शक न हो। बरामद पैकेट में सोने के 12 बिस्किट थे। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि आरोपी इससे पहले कितनी बार सोने की तस्करी कर चुके हैं।