उपमंडल गढ़शंकर में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए होम क्वारंटीन की संख्या 1592 हो गई है। जांच के लिए भेजे गए सैंपल में से तीन लोगों के टेस्ट के रिजल्ट अभी पेंडिंग है। बुधवार को होम क्वारंटीन किए व्यक्ति कनाडा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, रोहतक, जम्मू, बठिंडा व मोहाली से आए हैं।
होशियारपुर में 3 मई तक विवाह समारोहों की इजाजत नहीं
जिला मजिस्ट्रेट कम डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने बताया कि कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए कर्फ्यू के तहत जिले में 3 मई तक वैवाहिक आयोजनों की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विवाह समारोहों के दौरान सामाजिक दूरी भंग हो सकती है, जबकि इस नाजुक दौर में सामाजिक दूरी बरकरार रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में विवाहों की आज्ञा नहीं दी जा सकती।
आइसोलेशन वार्ड में पहुंचे कोरोना के पांच और संदिग्ध
तरनतारन सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में सीएचसी मीयांविंड से कोरोना के पांच और संदिग्ध मरीज पहुंचे हैं। इससे पहले यहां पर भर्ती महिला इंस्पेक्टर सहित तीन मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। उधर, सीएचसी मीयांविंड से विशेष गाड़ी से पांच संदिग्ध मरीजों को लाया गया। इनमें एक 16 साल का लड़का भी शामिल है। बताया जा रहा है कि खांसी, बुखार और सांस की तकलीफ के कारण इन पांचों मरीजों का मीयांविंड में इलाज चल रहा था। चार दिन से इनकी तकलीफ कम नहीं हुई।
मोहल्ला अनंदपुर रड़ा के रहने वाले व्यक्ति के पॉजिटिव आने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य टीम एरिया में पहुंची। हेल्थ टीम ने क्वारंटीन किए गए 42 घरों का फिर से सर्वे किया। इस दौरान एक महिला मरीज खांसी, बुखार और जुकाम से पीड़ित मिली। जिसे शक के आधार पर सैंपलिंग के लिए कहा है।
वहीं इस घर के तीन सदस्यों को होम क्वारंटीन को कहा गया है। इसके अलावा मोहल्ले के बाकी सभी घरों के लोग ठीक नजर आए। इस दौरान नोडल अफसर डॉ. वनीत बल, हेल्थ इंस्पेक्टर अविनाश शर्मा, गुरदीप सिंह, गुरमख सिंह, रजिंद्र कुमार, मनजीत, सुमन, चरणजीत कौर, चंपा देवी मौजूद रहे।
राहत: बीते दो दिन से कोरोना का नया मामला नहीं
लुधियाना के लिए राहत भरी खबर है कि बीते दो दिन से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि अभी तक जिले भर में 844 सदिंग्ध लोगों की पहचान की गई थी। इसमें 668 लोगों की सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। जबकि 146 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है।
लुधियाना में कोरोना से पीड़ित 13 मामले सामने आए हैं। इसमें एक मामला जालंधर और एक बरनाला जिला से संबंधित है। उन्होंने बताया कि बुधवार को 48 रैपिड रिस्पांस टीम ने 142 लोगों की स्क्रीनिंग की है। इसमें 87 लोगों को एकांतवास भेजा गया है। लुधियाना में हॉटस्पॉट एरिया अमरपुरा में 219 घरों में रहने वाले 852 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसी क्रम में गांव चौकीमान में 683 और गांव गुडे में 365 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। इसमें किसी तरह का कोई संदिग्ध मरीज नहीं मिला है।
ब्लाक अमरगढ़ में बाहरी राज्यों से वापस आए 240 व्यक्ति एकांतवास में चल रहे हैं। वहीं 513 व्यक्ति एकांतवास पूरा कर चुके हैं। कोविड-19 ब्लॉक अमरगढ़ के नोडल अधिकारी रणबीर सिंह ढंडे ने बताया कि कोरोना संबंधी बचाव को देखते हुए बाहरी राज्यों व देशों से आए प्रत्येक व्यक्ति को चौदह दिनों के लिए घर में एकांतवास में रखा जाता है। अब तक 753 व्यक्तियों को उनके घर में चौदह दिनों तक एकांतवास में रखा गया था। इनमें से 513 व्यक्ति एकांतवास पूरा कर चुके हैं।
गुरदासपुर में कुल 93 में से 46 के आए नतीजे
गुरदासपुर में कोविड-19 के कुल 93 सैंपल लिए गए हैं। जिसमें से अभी तक 46 के नतीजे आए हैं। 45 मरीजों के नतीजे नेगेटिव पाए गए हैं और एक का सैंपल पॉजिटिव आया है। अभी 47 नतीजों का इंतजार है। वहीं सिविल सर्जन गुरदासपुर किशन चंद ने बताया कि महामारी के खिलाफ डीसी गुरदासपुर मोहम्मद इश्फाक की अगुवाई में विभिन्न टीमों का गठन किया गया है।
पटियाला में मंगलवार देर रात तीसरा कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया। सफाबादी गेट के पास रहने वाला यह 50 साल का व्यक्ति पिछले कई दिनों से लंगर सेवा में लगा था। इस बात का खुलासा होते ही जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जिला मजिस्ट्रेट पटियाला कुमार अमित ने तुरंत प्रभाव से पटियाला जिले में लंगर बांटने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी और सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा को पटियाला की नगर निगम की सीमा में रह रहे सभी लोगों की स्क्रीनिंग के आदेश जारी कर दिए।
पत्नी, बच्चों व पड़ोसियों को किया क्वारंटीन
50 साल के इस पीड़ित व्यक्ति की आर्य समाज में जूतों की दुकान है। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि मंगलवार देर रात जैसे ही इस व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, वैसे ही स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीमों ने इस व्यक्ति की पत्नी व दोनों बच्चों को क्वारंटीन कर इनके सैंपल लिए। साथ ही पड़ोस के पांच घरों में रहने वाले लोगों को भी क्वारंटीन किया गया है। साथ ही इस व्यक्ति के राइमाजरा इलाके में भी कई लोगों के साथ संपर्क में आने की सूचना मिली। वहां के लोगों को भी क्वारंटीन किया जा रहा है।
जहां लंगर बांटा, उन इलाकों के 97 घरों के 479 लोग क्वारंटीन
सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मरीज ने पटियाला के छोटी राइमाजरा, गोपाल नगर, कैलाश नगर, ढेहा बस्ती में रहने वाले लोगों में राशन व लंगर बांटा था। इस आधार पर तुरंत टीमों का गठन कर इन इलाकों के करीब 800 घरों का सर्वे कराया, जिनमें 97 घरों के 479 लोगों को क्वारंटीन में रहने को कहा गया है। इसके अलावा पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए तीन लोग, जो लंगर व राशन वितरण के समय उससे ज्यादा मिलते-जुलते थे, उनके सैंपल लिए गए हैं। सीएमओ के मुताबिक अब तक 10 लोगों के सैंपल जांच को भेजे जा चुके हैं।
पूरे इलाके को सील कर किया सैनिटाइज
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना पॉजिटिव मरीज के घर के आसपास के पूरे इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया है। अब वहां किसी को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। मरीज के घर और आसपास के घरों के बाहर स्प्रे करके रोगाणु मुक्त किया जा रहा है।