जिला अदालत में वकीलों के चैंबर्स कांपलैक्स में दो लिफ्ट बनाने के लिए पहली बार एमपी लैंड फंड से 55 लाख रुपये मिले है।
55 लाख रुपए की यह रकम शहर से सांसद एवं पूर्व रेलमंत्री पवन कुमार बंसल ने जारी की है। जिला बार एसोसिएशन के सचिव बलजीत सिंह सैणी ने पवन बंसल द्वारा जारी किए गए इस फंड को लेकर उनका आभार जताते हुए कहा कि आगामी कुछ माह में लिफ्टस चालू हो जाएगी।
सैणी के मुताबिक यह दो लिफ्टस वकीलों के चैंबर्स कांपलैक्स में वकीलों व क्लाईंटस की सुविधा के लिए होगी। प्रत्येक लिफ्ट में 10 के करीब लोगों के आने की जगह होगी।
चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से भी यहां लिफ्ट के प्रपोजल को मंजूरी मिल चुकी है। बार सचिव सैणी को भेजे गए प्रशासन के इस मंजूरी पत्र में लिफ्ट के संबंध में नियम व शर्तों का जिक्र है।
गौरतलब है कि हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजय किशन कौल ने यहां चैंबर्स कांप्लैक्स का उद्घाटन किया था। पिछले साल 25 जनवरी को प्रशासक शिवराज पाटिल ने सैक्टर 43 में नवनिर्मित चंडीगढ़ जिला अदालत का उद्घाटन किया था।