आज के दौर में अपनी पसंद की नौकरी का मिलना आसान नहीं है और यदि मिल भी जाए तो उसे ठीक से करना और भी मुश्किल काम है। बस अधिकांश लोग यही सोचते हैं, एक नौकरी मिल जाए और जिंदगी ठीक से चलती रहे लेकिन आज हम आपको ऐसे लोगों से रू-ब-रू कराने जा रहे हैं जो 16 घंटे में दो-दो नौकरी करते हैं। इतना ही नहीं साथ में पढ़ाई भी करते हैं।
इसके जरिए उनका टाइम पास ही नहीं हो रहा बल्कि स्वस्थ रहने का भी नुस्खा उन्हें मिल गया है। अच्छी सैलरी भी ले रहे हैं। इनमें युवतियां भी शामिल हैं। ये लोग बाइक, साइकिल आदि के जरिए घर-घर खाना पहुंचा रहे हैं। इनमें एक हजार लोग ऐसे हैं जो अपनी मुख्य नौकरी के बाद पार्ट टाइम जॉब के रूप में फूड डिलीवरी का काम कर रहे हैं। यह सभी फूड डिलीवरी ब्वॉयज हैं। जोेमैटो के एक अधिकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ में प्रतिदिन 3000 से अधिक लोग फूड डिलीवरी कर रहे हैं।
कंपनी में अकाउंटेंट, साथ में फूड डिलीवरी भी कर रहा
सेक्टर-9 की एक प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट हूं। कंपनी से शाम साढ़े पांच बजे फ्री हो जाता हूं। घर जाकर बोरियत होती थी। कुछ काम करने के बारे में सोचा। पार्ट टाइम जॉब एक बढ़िया विकल्प के तौर पर नजर आया। फिर क्या था, पार्ट टाइम जॉब शुरू कर दी। इस जॉब के जरिए समय भी पास हो रहा है और पैसे भी ठीक मिल रहे हैं। इससे शारीरिक अभ्यास भी हो जाता है। साथ ही तमाम लोगों से मिलने का मौका मिलता है और नई जानकारियां भी हासिल कर रहा हूं।
- रजत शुभम, चंडीगढ़
एक जॉब से नहीं होता गुजारा
सेक्टर 9 में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक प्राइवेट जॉब करता हूं। उसके बाद रात 8 बजे तक ऑनलाइन खाना डिलीवर करने का काम करता हूं। आजकल एक नौकरी से सभी जरूरतें पूरी नहीं होतीं। ऐसे में इस पार्ट टाइम जॉब के जरिये परिवार का पालन-पोषण ठीक से हो रहा है। वेतन भी ठीक ही मिलता है। एक माह से यह जॉब कर रहा हूं। इस जॉब के जरिये कई नई जानकारियां भी मिल रही हैं और टेक्नोलॉजी से भी अपडेट हो रहा हैं। कोशिश रहती है कि रात दस बजे तक 4 से पांच डिलीवरी दे आऊं। इससे अच्छी खासी कमाई हो रही है। इसमें कोई शक नहीं कि ऑनलाइन डिलीवरी ने हम जैसे लोगों के लिए जॉब के रास्ते खोले हैं।
- आशीष कुमार
अब सभी जरूरतें हो रही हैं पूरी
दोस्त ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता है, उसने बताया कि पार्ट टाइम खाना पहुंचाने का काम काफी बेहतर है और इसमें कमाई भी है। दोस्त के कहने पर डिलीवरी ब्वॉय का काम शुरू कर दिया। दो से तीन महीने हो गए हैं, इस काम में आनंद भी आ रहा है। प्रतिमाह 20 हजार से अधिक रुपये कमा रहा हूं। इसके अलावा जब समय मिलता है तो कैटरिंग का काम कर लेता हूं। वहां से भी अच्छी पगार मिलती है। खाली बैठना अच्छा नहीं लगता। इससे समय पास हो जाता है और जरूरतें भी पूरी हो जाती हैं।
- संदीप कुमार
आत्मनिर्भरता के लिए करता हूं यह जॉब
पीयू से पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहा हूं। सुबह नौ से पांच बजे तक मेरी पीयू में क्लासेज होती हैं। शाम को सात बजे फूड डिलीवरी की जॉब शुरू होती है। इस जॉब के जरिए मेरा जेब खर्च आसानी से निकल जाता है। आत्मनिर्भर होने के लिए यह जॉब करता हूं ताकि परिवार पर किसी प्रकार का कोई बोझ न पड़े। इस जॉब में अच्छी कमाई हो जाती है। पार्ट टाइम अगर कोई व्यक्ति कोई काम करना चाहता है तो फूड डिलीवरी एक अच्छा विकल्प है।
- सतगुरु, चंडीगढ़
डिलीवरी ब्वॉय बनने के लिए योग्यता और कमाई
- कक्षा आठ से 12वीं पास
- बाइक के अभिलेख व लाइसेंस
- डायरेक्ट इंटरव्यू
- पार्ट टाइम जॉब से प्रतिदिन की आय 600 रुपये