हाईकोर्ट ने इस केस की जांच के लिए फिलहाल दो माह की मोहलत दे दी है। हालांकि सतिंदर सिंह से पहले एसएसपी रहे संदीप शर्मा के झूठी जानकारी देने के मामले में हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को कड़ी फटकार लगाई। हाईकोर्ट ने इस पर पंजाब पुलिस के डीजीपी को एन्क्वायरी मार्क कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
यह है मामला
फगवाड़ा निवासी सुरेंद्र मित्तल ने याचिका दायर कर कहा था कि राधे मां से उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं कि वह उनके खिलाफ न बोले। उसने इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी कि राधे मां जागरण में खुद को मां दुर्गा का अवतार कहकर त्रिशूल धारण कर बैठती हैं। इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। याचिका में कहा गया कि उनके साथ कई लोगों ने राधे मां का विरोध किया था और जागरण नहीं होने दिया था।
इसके बाद उन्हें राधे मां की तरफ से पहले तो फोन कर रुपये का ऑफर दिया गया। ऑफर स्वीकार न करने पर उन्हें धमकियां मिलने लगी कि वे उनके मामले में दखल न दें। धार्मिक भावनाएं आहत करने, रुपये ऑफर करने व धमकियां मिलने को लेकर उन्होंने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने राजनीतिक प्रभाव में कोई कार्रवाई नहीं की।