वैलेंटाइन वीक के पहले दिन एक युवक का लड़की पर कमेंट करना भारी पड़ गया। दो लड़कियों ने न केवल युवकों की हरकत का विरोध किया, बल्कि सरेराह जूते से पिटाई कर दी। करीब आंधा घंटा तक चले घटनाक्रम के दौरान काफी संख्या में भीड़ मौके पर जमा हो गयी। मामला पुराना जीटी रोड पर बस स्टैंड के समीप का है।
पुराने जीटी रोड पर बस स्टैंड से कमेटी चौक तक काफी भीड़भाड़ रहती है। दोपहर के समय दो लड़कियां यहां से गुजर रही थीं। इसी दौरान मनचले युवकों ने उन पर फब्तियां कसीं और एक लड़की से छेड़छाड़ की कोशिश की। पहले तो दोनों लड़कियों ने नजरअंदाज किया, लेकिन जब युवक अपनी हरकत से बाज नहीं आये तो वे मर्दानी के रूप में नजर आईं।
उन्होंने न सिर्फ एक युवक को पकड़ लिया बल्कि उसकी धुनाई शुरू कर दी। काफी देर तक हंगामा होता रहा। लड़कियां गुस्से में आग बबूला हो गयीं थीं। लड़कियों के तेवर देख दो युवक पहले ही फरार हो गये थे, जबकि एक युवक की जूतों से पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंचती इससे पहले ही युवक वहां से निकल गया।
तमाशबीन रही भीड़, लग गया जाम
हंगामे के चलते मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। इसके चलते कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया। खास बात ये रही कि तीन युवकों का दो लड़कियों ने जमकर विरोध किया और एक की धुनाई भी की, लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही। भीड़ में से किसी ने भी न तो युवकों को चेताया और न ही लड़कियों को रोकने की कोशिश की। कई युवक तो केवल वीडियो बनाने में ही व्यस्त रहे। पिटाई के दौरान मौका मिलते ही युवक फरार हो गये।
नहीं मिली शिकायत : थाना प्रभारी
इस बारे में सिटी थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह का कहना है कि इस प्रकार की कोई शिकायत पुलिस के पास नहीं आई है, अगर शिकायत आती है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लड़कियों से छेड़छाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं है। इस तरह की घटना की जानकारी उसी समय पुलिस को भी देनी चाहिए, ताकि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।