चंडीगढ़। शहर में नए साल के मौके पर नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने की फिराक में घूम रही महिला आरोपी समेत दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 59 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी सेक्टर-38ए निवासी मोनू (25) और डड्डूमाजरा निवासी रूपा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-39बी के पास एक आरोपी कुछ नशीले पदार्थों के साथ घूम रहा है। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी की और आरोपी मोनू को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 29 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस ने सेक्टर-39 की स्लिप रोड के पास से आरोपी रूपा को 30 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी नए साल पर शहर में नशा सप्लाई करने वाले थे।