पंजाब कला भवन में दो दिवसीय थिएटर फेस्टिवल शगुफे-2016 सोमवार से शुरू हो रहा है। इन दो नाटकों का मंचन देखने जरूर पहुंचें। इस फेस्टिवल का आयोजन इंपेक्ट आर्ट थिएटर ग्रुप, कल्चरल अफेयर्स डिपार्टमेंट हरियाणा के सहयोग से कर रहा है।
फेस्टिवल के पहले दिन सोमवार को शाम 6:30 बजे वीना वर्मा के लिखे और बनिंदरजीत सिंह बन्नी के निर्देशित पंजाबी नाटक ‘हुण मैं सेट हां’ का मंचन किया जाएगा। इस नाटक में उन पंजाबी युवाओं की दशा को बयां किया गया है जो कई सपने लेकर विदेश तो चले जाते हैं लेकिन उनमें से कुछ वहां के माहौल में नशे की लत के शिकार हो जाते हैं।
वहीं दूसरे दिन मंगलवार को बन्नी के ही निर्देशित नाटक ‘अन्ने काणे’ का मंचन होगा। यह नाटक पांच नेत्रहीन व्यक्तियों पर आधारित है। इनका एक सरदार होता है, जोकि काणा होता है, और वह इन पर हुकूमत चलाता है। नाटक के अंत में खोजी नाम का एक शख्स आता है और अंधों को सरदार के गलत कामों के बारे में बताता है। एक घंटे की अवधि वाले इस नाटक को डॉक्टर आत्मजीत ने लिखा है।
ये कलाकार देंगे प्रस्तुति
नवदीप सिंह, गुरजंट सिंह, कमलदीप कौर, विवेक राय खन्ना, रवितेज सिंह, निखिल मेहता, जतिन, जतेंद्र बराड़, सौरव बग्गा, कोमलदीप कौर, रमन, कुबेर, जतिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, हरमन, अक्षय, अखिल और नवदीप बाजवा।