इंडोनेशिया के जकार्ता में 20 से 27 फरवरी तक होंगे मुकाबले, जीएमएसएसएस-10 की छात्राएं करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। शहर की दो होनहार खिलाड़ी गुंजन और शनाया जैन का चयन एशियन जूनियर व कैडेट फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। चैंपियनशिप के मुकाबले इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में 20 से 27 फरवरी तक खेले जाएंगे। दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जकार्ता पहुंच चुकी हैं।
देशभर से इस चैंपियनशिप के लिए चार महिला खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें से दो चंडीगढ़ की हैं। यह शहर के लिए गौरव की बात है। गुंजन और शनाया सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 10 की दसवीं कक्षा की छात्राएं हैं और वहीं संचालित फेंसिंग अकादमी की प्रशिक्षु भी हैं। दोनों खिलाड़ियों को स्कूल की शिक्षिका व फेंसिंग कोच चरणजीत कौर ने प्रशिक्षित किया है। स्कूल की प्रिंसिपल सतविंदर कौर ने दोनों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं चंडीगढ़ फेंसिंग एसोसिएशन ने भी भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी है।
गुंजन की उपलब्धियां
गुंजन नयागांव की निवासी हैं। उनके पिता मिस्त्री का काम करते हैं। सामान्य परिवार से होने के बावजूद गुंजन ने फेंसिंग के एप्पी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष उत्कृष्ट खेल के आधार पर उन्होंने एशियन जूनियर व कैडेट फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला टीम में जगह बनाई। यह उनका दूसरा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। इससे पहले एशिया कैडेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वह खेलो इंडिया और सब-जूनियर वर्ग में भी स्वर्ण पदक विजेता रही हैं।
शनाया के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय अवसर
शनाया जैन का यह पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। एप्पी स्पर्धा की खिलाड़ी शनाया ने एशिया कैडेट कप में कांस्य पदक जीता था। कोच चरणजीत कौर के अनुसार शनाया मानसिक रूप से बेहद मजबूत खिलाड़ी हैं और मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार रहती हैं। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के आधार पर ही उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है।