5 से 15 मार्च तक बेंगलुरु में होगा टूर्नामेंट, काश्वी, नंदिनी और तरुणिका पर टिकीं उम्मीदें
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। शहर की प्रतिभाशाली क्रिकेटर काश्वी गौतम, नंदिनी शर्मा और तरुणिका का चयन 5 से 15 मार्च तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाले सीनियर महिला इंटर जोनल वनडे टूर्नामेंट के लिए नॉर्थ ज़ोन टीम में किया गया है। टीम का चयन गुरुवार को जम्मू में आयोजित चयन समिति की बैठक में हुआ।
टूर्नामेंट का आयोजन बेंगलुरु में किया जाएगा। काश्वी गौतम इस समय भारतीय राष्ट्रीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए जुड़ी हुई हैं। वहीं नंदिनी शर्मा इन दिनों बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित इमर्जिंग एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। नंदिनी ने महिला प्रीमियर लीग में भी शानदार प्रदर्शन किया था। तरुणिका ने हालिया घरेलू सत्र में बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम में अपनी जगह पक्की की है। तीनों खिलाड़ियों के चयन से शहर में खुशी का माहौल है।
चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष संजय टंडन ने इसे चंडीगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी नॉर्थ ज़ोन को गौरवान्वित करेंगी।