चंडीगढ़। सेक्टर-9 स्थित पाइप एंड बैरल बार में हुक्का परोसने के आरोप में पुलिस ने मालिक सुमेश गगनेजा को दूसरी बार गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मौके से चार हुक्के भी बरामद किए। हालांकि इस बार भी गगनेजा को जमानत पर छोड़ दिया गया। वहीं, एसडीएम के आदेश के बाद पुलिस ने बार को सील कर दिया। उधर, सेक्टर-26 स्थित ए स्टेट ऑफ डांस लांज एंड नाइट क्लब में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने छापा मारकर ग्राहकों को हुक्का परोसने पर मूलरूप से हिमाचल निवासी प्रबंधक सुरेश, मनीमाजरा निवासी खजांची साहिल और नयागांव के दशमेश नगर निवासी हुक्का परोसने वाले कर्मचारी दीपक को गिरफ्तार करवाया। इतना ही क्लब को तीन दिन के लिए सील भी कर दिया गया है।
शनिवार देर रात सेक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह की अगुवाई में पुलिस गश्त कर रही थी। सेक्टर-9 स्थित एससीओ नंबर 156/157 के पास जब पुलिस पहुंची तो कुछ युवक और युवतियां बार से निकल रहे थे। शक के आधार पर पुलिस ने पाइप एंड बैरल बार में छापा मारा। अंदर युवक और युवतियां हुक्के का सेवन करते मिले। पुलिस ने जब बार मालिक सुमेश से अनुमति पत्र मांगा तो वह दिखा नहीं सके। इसके बाद पुलिस सुमेश को सेक्टर-3 थाने ले गई, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हालांकि बाद में जमानत पर छोड़ दिया।
वहीं, रविवार रात करीब 9 बजे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट विश्वतेज अरोड़ा ने टीम के साथ सेक्टर-26 मध्य मार्ग एससीओ नंबर 51 स्थित ए स्टेट ऑफ डांस लांज एंड नाइट क्लब में छापा मारा तो क्लब में ग्राहकों को हुक्का परोसा गया था। जब टीम ने क्लब के कर्मचारियों से हुक्का परोसने का आदेश पत्र मांगा तो उनके पास कोई अनुमति नहीं थी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर सेक्टर-26 थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कब्जे में ग्राहक को परोसा गया एक हुक्के को अपने कब्जे में लिया। पूछताछ में सामने आया कि क्लब का मालिक चंडीगढ़ के बाहर गया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने क्लब के उक्त तीनों आरोपियों को पकड़कर सेक्टर-26 थाने ले गई, जहां उनके खिलाफ बनती कार्रवाई की गई। हालांकि पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया है लेकिन एसडीएम के निर्देश पर क्लब को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया है।
पाइप एंड बैरल बार में तीसरी बार कार्रवाई
29 दिसंबर की रात एसडीएम सेंट्रल हरजीत सिंह संधू ने पाइप एंड बैरल बार में छापा मारा था, जहां बेसमेंट में ग्राहकों को हुक्का परोसा गया था। पुलिस ने तब भी सेक्टर-50 निवासी बार मालिक सुमेश गगनेजा को गिरफ्तार किया था। तीन दिसंबर को फिर इसी बार में हुक्का परोसने पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने छापा मारकर नयागांव के जनता कॉलोनी निवासी सहायक प्रबंधक दीपक को दबोचा था। हालांकि दोनों बार इन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
दो महीने में 30 से ज्यादा क्लबों पर हो चुकी है कार्रवाई
शहर में बढ़ते कोरोना के मामले देखते हुए डीसी ने क्लबों में हुक्का परोसने पर रोक लगा रखी थी। ताकि कोविड-19 की बीमारी को फैलने से रोका जा सके। दो महीने में शहर की अलग अलग थाना पुलिस अब तक 30 से भी ज्यादा क्लबों पर कार्रवाई कर चुकी है। सेक्टर-26 के बुलेवार्ड क्लब, मोब क्लब, बारगेन बूज क्लब, क्विजो क्लब, औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लेबॉय क्लब, तमजारा क्लब, सेक्टर-9 स्थित बूम बॉक्स, पाइप एंड बैरल, एसको बार, सेक्टर-7 स्थित टर्मिनल, रीफ क्लब समेत अन्य क्लबों के मालिक, प्रबंधक के अलावा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।