चंडीगढ़। सेक्टर- 54 में फर्नीचर का व्यापार करने वाले दो भाइयों पर बदमाशों ने पिस्टल तान तीन लाख की नकदी, सोने का कड़ा और अंगूठी लूट ली। वारदात रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। दोनों भाई दुकान बंद कर घर जाने के लिए पार्किंग में खड़ी कार के पास पहुंचे। इस बीच चार युवकों ने वारदात को अंजाम दे डाला। सेक्टर- 39 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बनती धाराओं के तहत केस दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहाली के फेस- 4 निवासी राजेश और मुल्लांपुर निवासी उनके बड़े भाई राजेंद्र बंसल की सेक्टर- 54 में सर्वनूर फर्नीचर एंड कैबिनेट के नाम से दुकान है। राजेश ने बताया कि रोजाना वह रात करीब साढ़े नौ बजे तक दुकान को बंद कर देते हैं। रविवार रात दुकान बंद करने के बाद राजेंद्र अपने घर जाने के लिए पिछली तरफ पार्किंग में खड़ी कार के पास गए। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने कार का दरवाजा खोला, तभी चार युवकों ने घेर लिया। विरोध करने पर युवकों ने उनकी गर्दन पर पिस्टल तान दी और बोले- ‘जो कुछ है दे दो.. वरना गोली मार देंगे’। इसके बाद आरोपियों ने जबरन राजेंद्र की जेब से एक लाख नकदी, एक सोने की अंगूठी और कार से एक बैग छीन लिया। बैग में एक मोबाइल भी था। इतने में राजेश भी वहां पर अपनी एक्टिवा से पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उन्हें लगा कि राजेंद्र के पास दुकान के कुछ वर्कर खड़े हैं। जैसे ही पास गया तो उक्त आरोपियों ने उन पर भी पिस्टल तान दी और जबरन उनकी जेब से दो लाख नकदी व एक चार तोले का सोने का कड़ा छीन लिया। शोर करना चाहा तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दे डाली।
दो बाइकों पर फरार हुए आरोपी
वारदात के बाद पलसोरा चौकी इंचार्ज सतनाम सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित भाइयों का बयान दर्ज किया। बयान में पीड़ित राजेश ने बताया कि अंधेरा ज्यादा होने के चलते युवकों को पहचान नहीं सके और वारदात के बाद आरोपी दो अलग-अलग बाइक से सेक्टर- 54 की स्कूल की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे कई सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, लेकिन वारदात वाली जगह पर ऐसा कोई कैमरा नहीं मिला जिससे आरोपियों का सुराग लग सके। पुलिस का कहना है कि जांच में पिस्टल की बात सामने नहीं आई है। फिलहाल झपटमारी के तहत केस दर्ज किया गया है, आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।